यह पुरस्कार जिले के किसानों के लिए कृषि विभाग द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं टीमवर्क की हैं पहचान - उप संचालक कृषि मोरध्वज डड़सेना

गणतंत्र दिवस की झाँकी प्रदर्शन में कृषि विभाग बेमेतरा को मिला प्रथम पुरस्कार 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 29 जनवरी 2026 - भारत के 77 वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय बेमेतरा में आयोजित झाँकी प्रदर्शन प्रतियोगिता में कृषि विभाग बेमेतरा द्वारा प्रस्तुत झाँकी को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कृषि विभाग की यह झाँकी विषयवस्तु, प्रस्तुति एवं जनोपयोगिता की दृष्टि से सर्वश्रेष्ठ पाई गई। झाँकी के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं, उन्नत एवं आधुनिक खेती पद्धतियों, परंपरागत कृषि प्रणाली, कृषक कल्याण कार्यक्रमों तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अत्यंत आकर्षक, सजीव एवं प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। 
  कृषि विभाग की झाँकी में जैविक खेती, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र, फसल विविधीकरण एवं किसानों के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे निर्णायक मंडल के साथ-साथ आम नागरिकों द्वारा भी विशेष रूप से सराहा गया। 
इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई द्वारा कृषि विभाग की पूरी टीम को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं। उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे नवाचारपूर्ण प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी तरह किसान हितैषी एवं रचनात्मक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। 
         कृषि विभाग बेमेतरा के उप संचालक मोरध्वज डड़सेना ने इस सफलता का श्रेय विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं झाँकी निर्माण दल को देते हुए कहा कि यह पुरस्कार जिले के किसानों के कल्याण के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं टीमवर्क की पहचान है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग भविष्य में भी किसानों को नवीन तकनीकों से जोड़कर उनकी आय वृद्धि एवं समृद्धि के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।