यह आयोजन न केवल सतनाम पंथ और गुरु घासीदास बाबा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है, बल्कि जिले की सांस्कृतिक पहचान को भी करता है राज्य स्तर पर स्थापित - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

यह आयोजन न केवल सतनाम पंथ और गुरु घासीदास बाबा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है, बल्कि जिले की सांस्कृतिक पहचान को भी करता है राज्य स्तर पर स्थापित - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई 

कलेक्टर ने नवागढ़ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय गुरु घासीदास जयंती महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा 

भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक आयोजन सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 24 दिसंबर 2025 - जिले के नवागढ़ जनपद मुख्यालय में 26 से 28 दिसंबर 2025 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राज्य स्तरीय पंथी नृत्य एवं गुरु घासीदास जयंती महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय स्वरूप देने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 
         कलेक्टर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नवागढ़ में आयोजित यह राज्य स्तरीय महोत्सव जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यह आयोजन न केवल सतनाम पंथ और गुरु घासीदास बाबा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है, बल्कि जिले की सांस्कृतिक पहचान को भी राज्य स्तर पर स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में प्रदेशभर से सतनाम समाज के अनुयायी, पंथी नृत्य दल, सामाजिक प्रतिनिधि एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में सम्मिलित होंगे, ऐसे में व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। 
        कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों को सौंपे गए दायित्वों का प्राथमिकता के साथ निर्वहन करें। कार्यक्रम स्थल पर मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, प्रकाश, ध्वनि प्रणाली, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। 
          उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को दृष्टिगत रखते हुए जिले में पूर्ण किए गए विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। इसके लिए सभी विभागों को अपने-अपने अंतर्गत पूर्ण एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की सूची तैयार कर आवश्यक तैयारी समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। 
 कलेक्टर ने यह भी कहा कि इस राज्य स्तरीय आयोजन के अवसर पर विभिन्न विभागों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग समय-सीमा में लाभ वितरण की कार्ययोजना तैयार कर समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्य करने, नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी समस्या की तत्काल जानकारी जिला प्रशासन को देने के निर्देश दिए गए। 
      कलेक्टर ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के सामूहिक प्रयास से नवागढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय गुरु घासीदास जयंती महोत्सव ऐतिहासिक, सफल एवं यादगार सिद्ध होगा।