ग्राम तारालीम (बेरला) में हुआ जन चौपाल का आयोजन
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 15 दिसम्बर 2025 - प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत तारालीम में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को योजना के प्रावधानों, पात्रता मानदंडों तथा आवेदन प्रक्रिया के संबंध में जागरूक करना रहा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार योजना का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तारालीम के स्थानीय नागरिकों के साथ ग्राम सरपंच श्रीमती सिम्पू परगनिहा, जनपद पंचायत बेरला से तकनीकी सहायक अरुण टंडन एवं आवास मित्र टिकेंद्र कुमार उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने पीएमएवाई-जी के अंतर्गत आवास निर्माण एवं नवीनीकरण हेतु दी जाने वाली वित्तीय सहायता, किस्तों की प्रक्रिया, निर्माण की समय-सीमा तथा गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी।
जन चौपाल में “सभी के लिए आवास” के लक्ष्य को साकार करने हेतु शासन की मंशा पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित, मजबूत एवं टिकाऊ पक्के मकानों का निर्माण किया जा रहा है।
इस दौरान लाभार्थी चयन, आवश्यक दस्तावेजों, सर्वे प्रक्रिया एवं स्वीकृति से जुड़ी सामान्य शंकाओं का समाधान भी किया गया, जिससे ग्रामीणों में योजना को लेकर विश्वास और स्पष्टता बनी।
अधिकारियों ने नव स्वीकृत आवासों के हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करते हुए शीघ्र आवास निर्माण प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को योजना से जोड़ने और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने की दिशा में यह कार्यक्रम प्रभावी पहल सिद्ध हुआ, जिससे ग्रामीण आवास अवसंरचना में सुधार को गति मिलने की उम्मीद है।