सीएचएमओ डॉ अमृतलाल रोहलेडर के मार्गदर्शन पर पथर्रा एवं बसनी में स्वास्थ्य विभाग की कुष्ठ उन्मूलन संबंधी जन जागरूकता रैली, स्कूली बच्चों ने दिए सशक्त संदेश

सीएचएमओ डॉ अमृतलाल रोहलेडर के मार्गदर्शन पर पथर्रा एवं बसनी में स्वास्थ्य विभाग की कुष्ठ उन्मूलन संबंधी जन जागरूकता रैली, स्कूली बच्चों ने दिए सशक्त संदेश 

विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रम को लेकर चलाया जा रहा जन जागरूकता अभियान 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 16 दिसम्बर 2025 - स्वास्थ्य विभाग जिला बेमेतरा द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों को लेकर जानकारी देते हुए जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर चोरभट्टी के आश्रित ग्राम बसनी एवं उप स्वास्थ्य केंद्र जेवरा के आश्रित ग्राम पथर्रा में कुष्ठ रोग के उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जनजागरूकता अभियान चलाया। उक्त जागरूकता अभियान कलेक्टर रणवीर शर्मा के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर और जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. बीएल राज के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैली निकालकर पूरे गांव में जिले से कुष्ठ रोग को जड़ से खत्म करने अभियान चलाया है। 
बच्चों ने तख्तियों पर लिखे नारे "शरीर के दाग धब्बे दिखाते चलो,“जन-जन की शक्ति से, कुष्ठ रोग मिटेगा बस्ती से,” “एमडीटी खाओ–कुष्ठ मिटाओ,” “टीबी हारेगा–देश जीतेगा” "एड्स का ज्ञान बचाए जान" के साथ गलियों में भ्रमण किया और ग्रामीणों से सघन सर्वे में ईमानदारी से जांच करवाने सहयोग मांगा। 
            स्वास्थ्य टीम ने लोगों को कुष्ठ रोग के शुरुआती लक्षण, संभावित विकृतियों, रोकथाम, एमडीटी दवा के महत्व और समय पर इलाज की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 8 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक सघन कुष्ठ खोज अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सर्वे दल घर-घर जाकर जांच कर रहा है। 
     रैली के माध्यम से जन समुदाय को स्वास्थ्य विभाग के द्वारा टीबी जांच, उपचार, मोतियाबिंद, एचआईवी, रक्तदान, नेत्रदान जैसे महत्वपूर्ण जन स्वास्थ्य से जुड़े बातों को बताया गया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर जानकारी लिया और काफी उत्साह होकर जांच में सहयोग करने की बात कही।
     रैली में ग्राम पंचायत के प्रतिनिधी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में नेत्र सहायक अधिकारी योगेंद्र भार्गव, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक नीलिमा पांडे, सुनील पात्रे, हिरदेशाय जोशी, मितानिन कुलेश्वरी लहरें ,शकुंतला साहू, दुर्गा साहू, संतोषी साहू, मालती साहू की सक्रिय उपस्थिति रही। 
           स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य गांव-गांव जागरूकता फैलाकर जिले से कुष्ठ, टीबी रोग को जड़ से खत्म करना है। साथ ही एचआईवी/एड्स जैसे रोग को लेकर जानकारी देते हुए प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी।