जिला पंचायत बेमेतरा की सामान्य सभा की बैठक 29 दिसंबर को

जिला पंचायत बेमेतरा की सामान्य सभा की बैठक 29 दिसंबर को 

विभिन्न विभागों की समीक्षा, जनहित योजनाओं और विकास कार्यों पर होगा मंथन  
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 16 दिसम्बर 2025 - जिला पंचायत बेमेतरा की सामान्य सभा की बैठक का आयोजन 29 दिसंबर 2025 (सोमवार) को किया जाएगा। यह बैठक दोपहर 12 बजे जिला पंचायत बेमेतरा के सभाकक्ष में आयोजित होगी। बैठक को लेकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा संबंधित जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को सूचना जारी कर दी गई है। सामान्य सभा की इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले के समग्र विकास, जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। बैठक में सांसद लोकसभा क्षेत्र दुर्ग, विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष/उपाध्यक्ष, सदस्यगण, जनपद पंचायत अध्यक्ष, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। 
         बैठक के एजेंडा में विद्युत विभाग की जानकारी एवं समीक्षा, जल संसाधन विभाग की समीक्षा, कृषि विभाग की योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी, आबकारी विभाग, मंडी बोर्ड (निर्माण शाखा), स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग तथा श्रम विभाग की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही 15 वें वित्त आयोग के अंतर्गत किए गए प्रशासनिक व्यय एवं कार्यों की भी जानकारी प्रस्तुत की जाएगी। इसके अतिरिक्त अध्यक्ष जिला पंचायत की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी, जिससे जिले के विकास कार्यों को और अधिक गति दी जा सके। 
      जिला पंचायत प्रशासन द्वारा सभी संबंधित जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाएं। यह बैठक जिले में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और जनहित से जुड़े निर्णयों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।