श्रीमद् भागवत के अनुसरण से भक्तों का होता है कल्याण - पं. खिलेंद्र दुबे

श्रीमद् भागवत के अनुसरण से भक्तों का होता है कल्याण - पं. खिलेंद्र दुबे

कलश यात्रा के साथ बारगांव बेरला में श्रीमद् भागवत कथा का हुआ शुभारंभ 

22 दिसंबर को कृष्ण जन्मोत्सव व 24 को होगा श्रीकृष्ण-रूखमणी विवाह 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/बेरला/बारगांव 18 दिसंबर 2025 - जिलें के बेरला ब्लाक के ग्राम बारगांव में श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन के पहले दिन गुरुवार को मंगल कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। 9 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा समारोह के पहले दिन कथावाचक आचार्य पंडित खिलेंद्र दुबे (खमतराई वाले) के सानिध्य में विधि विधान के साथ विधिवत पूजन किया गया। 
    उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत के अनुसरण से भक्तों का कल्याण होता है और जीवन में सुख व शांति का अनुभव होता है। श्रीमद् भागवत कथा श्रवण करने का अवसर बड़े ही सौभाग्य से प्राप्त होता है। जिस स्थान पर इस कथा का आयोजन होता है वह तीर्थस्थल कहलाता है। 
तत्पश्चात कथा स्थल से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें शामिल पीतांबर धारी महिलाएं व कन्याएं मंगल कलश सिर पर धारण कर प्रभु का गुणगान करते हुए चल रही थी। शोभा यात्रा का शुभारंभ कथा स्थल से प्रारंभ होकर शीतला मंदिर व विभिन्न मार्गो से होते हुए कथा स्थल पर आकर संपन्न हुई। 
       कथावाचक आचार्य पंडित खिलेंद्र दुबे (खमतराई वाले) ने श्रीमद् भागवत महापुराण की विधिवत पूजन कर मंत्रोच्चारण के साथ शोभायात्रा के रथ पर सवार होकर मंगल कलश यात्रा में सम्मिलित हुए। गुरुवार को बैंड बाजा के साथ निकाली गई कलश यात्रा में भक्तजन भजन कीर्तन नाचते गाते चल रहे थे। इस मंगल कलश यात्रा में चौक-चौक में फूलों की भी वर्षा हुई। सभी ने कलश को कथा स्थल के मंच पर रख कर विधिवत पूजन पाठ कर अपने इष्ट देवता की आराधना में समर्पित रह कर प्रसाद को ग्रहण किया। 
      प्रतिदिन दोपहर 2 से 7 बजे तक कथा का समय है। आयोजन को सफल बनाने में अमित सोनी, पवन सोनी, ताकेश्वर, मुरलीप्रसाद, रमेश, सतीश, मनोज, कुलदीप, देवेंद्र, विजय, अजय, भुनेश्वर, टाकेश्वर, सोनू, लक्की, कान्हा सहित गांव के पदाधिकारी जुटे हुए हैं। 

24 दिसंबर को होगा रूकमणी विवाह 
कथा के दूसरे दिन 19 दिसंबर को वराहावतार, 20 दिसंबर को शिव-सती विवाह चरित्र, ध्रुव चरित्र,की कथा होगा। 21 दिसंबर को भरत चरित्र, वामनावतार व 22 दिसंबर को गजेंद्र मोक्ष, रामअवतार कृष्ण जन्म, 23 दिसंबर को नंद महोत्सव, बाललीला, गोवर्धन लीला, 24 दिसंबर को श्रीकृष्ण-रूखमणी विवाह होगी। वहीं 25 दिसंबर को सुदामा चरित्र, 26 दिसंबर को गीता सहसधारा, तुलसी वर्षा व हवन पूर्णाहुति होगी।