बेमेतरा जिले में 7481 में 4829 विद्यार्थियों ने दिलाई नवोदय चयन परीक्षा

बेमेतरा जिले में 7481 में 4829 विद्यार्थियों ने दिलाई नवोदय चयन परीक्षा  

बेमेतरा में नवोदय चयन परीक्षा शांति व सफलतापूर्वक हुई सम्पन्न 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 17 दिसम्बर 2025 - स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग भारत सरकार के अंतर्गत संचालित आवासीय जवाहर नवोदय विद्यालय योजना के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय बहेरा जिला बेमेतरा में नवोदय चयन परीक्षा दिनांक 13 दिसम्बर 2025 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। परीक्षा का आयोजन जिले के चारों विकासखंडों नवागढ़, बेमेतरा, साजा एवं बेरला में निर्धारित परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। 
    जिले में आयोजित इस चयन परीक्षा के लिए कुल 7481 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 4829 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 2652 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में कुल 64.55 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा का समय पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक निर्धारित था, जिसे दो घंटे की अवधि में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया। 
प्रशासनिक एवं विभागीय मार्गदर्शन में हुआ आयोजन 
परीक्षा का आयोजन विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर तथा जिला शिक्षा अधिकारी बेमेतरा के मार्गदर्शन में किया गया। चारों विकासखंडों के प्रभारी अधिकारियों, सहायक जिला शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अमले के सहयोग से परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से सम्पन्न हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी बेमेतरा द्वारा जिले के सभी 32 परीक्षा केंद्रों में मुख्य पर्यवेक्षक (CS) एवं केंद्र स्तरीय अधिकारी (CLO) की नियुक्ति की गई थी। 

प्रश्न पत्रों की सुरक्षित आपूर्ति एवं निगरानी 
जवाहर नवोदय विद्यालय बेमेतरा द्वारा कुल 10 शिक्षकों को सर्वेक्षण अधिकारी, रूट इंचार्ज एवं ब्लॉक समन्वयक के रूप में नियुक्त किया गया। निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार 10 वाहनों के माध्यम से बैंकों से प्रश्न पत्रों का संकलन कर उन्हें सीएस के माध्यम से पूर्ण सुरक्षा एवं गोपनीयता के साथ सभी 32 परीक्षा केंद्रों तक समय पर पहुंचाया गया। परीक्षा पश्चात प्रश्न पत्रों एवं अन्य सामग्री को सीलबंद कर सुरक्षित रूप से कैंप कार्यालय तक जमा कराया गया। 

पूर्व प्रशिक्षण एवं ओरियंटेशन शिविर का आयोजन 
चयन परीक्षा के सफल संचालन हेतु दिनांक 10 दिसम्बर 2025 को ओरियंटेशन एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था। प्रशिक्षण कार्यशाला में पीपीटी के माध्यम से संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें बैंकों से प्रश्न पत्रों के संग्रहण, परीक्षा संचालन, सामग्री की सीलिंग, पैकिंग एवं सुरक्षित जमा करने की समस्त प्रक्रियाओं के बारे में सीएस एवं सीएलओ को स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। 

विद्यालय प्राचार्य ने जताया आभार 
जवाहर नवोदय विद्यालय बहेरा के प्राचार्य केके दहिकर ने चयन परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक जिला शिक्षा अधिकारी, समस्त विकासखंडों के प्रभारी अधिकारियों तथा जिले के सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।