कृषि महाविद्यालय बेमेतरा में दो दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न

कृषि महाविद्यालय बेमेतरा में दो दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 19 नवंबर 2025 - रेवेंद्र सिंह वर्मा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र बेमेतरा में दो दिवसीय फील्ड विजिट एवं मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 17 से 18 नवंबर तक आयोजित हुआ, जिसमें पंडित जवाहरलाल नेहरू आर्ट एंड साइंस कॉलेज के लगभग 90 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
     कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन से संबंधित व्यापक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में मशरूम उत्पादन की विभिन्न विधियां, मशरूम से होने वाले स्वास्थ्य व आर्थिक लाभ, पैरा (खुम्भी) एवं ऑयस्टर (आईस्टर) मशरूम के उत्पादन की तकनीक, मशरूम में लगने वाले कीट, व्याधि एवं रोगों की पहचान तथा उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। 
   साथ ही मशरूम उत्पादन को एंटरप्रेन्योरशिप के रूप में अपनाने, लागत-लाभ विश्लेषण तथा कृषि अपशिष्ट के उपयोग पर भी विशेष जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में महिलाओं की भागीदारी को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया। 
     कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षक द्वारा छात्रों को पैरा कुट्टी से मशरूम बेड तैयार करना, बैग भरना, बीजाई करना आदि प्रक्रियाएं लाइव डेमो के माध्यम से समझाई गईं। छात्रों ने इन गतिविधियों को स्वयं कर सीखने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। 
      प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने मशरूम से बने पकोड़े एवं कस्टर्ड भी तैयार किए और इन व्यंजनों का आनंद लिया। इस दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू आर्ट एंड साइंस कॉलेज के प्राध्यापक भी छात्रों के मार्गदर्शन हेतु उपस्थित रहे। महाविद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। 
       दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ने छात्रों को मशरूम उत्पादन के वैज्ञानिक, व्यावहारिक एवं उद्यमशीलता से जुड़े सभी पहलुओं को समझने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया।