दुर्ग संभागायुक्त ने बेमेतरा के धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं का किया व्यापक निरीक्षण
पारदर्शिता, जवाबदेही और सुचारू प्रबंधन सुनिश्चित करने दिए कड़े निर्देश
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 18 नवंबर 2025 - दुर्ग संभागायुक्त सत्य नारायण राठौर ने गत दिवस सोमवार को बेमेतरा जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान धान खरीदी व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने हेतु कठिया धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पहुंचकर किसानों की आवाज़ सीधे सुनी तथा खरीदी प्रक्रिया, टोकन वितरण, तौल व्यवस्था, भंडारण एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी पहलुओं का सूक्ष्म अवलोकन किया। संभागायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी कार्य जवाबदेही, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संचालित होना चाहिए।
उन्होंने समिति प्रबंधक तथा धान खरीदी से जुड़े अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या किसानों को परेशान करने की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए खरीदी केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, तिरपाल, तौल मशीन, बारदाना, सुरक्षा और साफ-सफाई जैसी सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध रहें।
संभागायुक्त श्री राठौर ने जोर देकर कहा कि धान विक्रय करने आए किसानों को कतार में अनावश्यक समय तक इंतजार न करना पड़े। टोकन व्यवस्थापन सुव्यवस्थित रहे और जितने किसानों से एक दिन में खरीदी संभव हो, उतने ही टोकन जारी किए जाएं। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि टोकन की तिथि में ही किसान का धान खरीदा जाए तथा कोई भी किसान बिना धान बेचे वापस न लौटे।
धान उपार्जन केंद्र कठिया के समिति प्रबंधक ने जानकारी दी कि इस केंद्र में कुल छह ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है, जहां प्रत्येक पंचायत के लिए अलग-अलग दिन तय कर खरीदी की जा रही है, ताकि भीड़ नियंत्रित रहे और किसानों को सहज सेवा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री राठौर ने राजस्व अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार सघन दौरा करने तथा खरीदी की पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली व्यवस्था है, इसलिए किसी प्रकार की गड़बड़ी, मनमानी या अवरोध को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम बेरला श्रीमती दीप्ति वर्मा सहित कृषि, खाद्य, मार्कफेड तथा समिति से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
संभागायुक्त श्री राठौर ने सभी को यह संदेश दिया कि किसान राज्य की रीढ़ हैं और उनकी उपज का सम्मानपूर्वक एवं पारदर्शी तरीके से समर्थन मूल्य पर खरीदी होना सर्वोच्च प्राथमिकता है।