निर्वाचन जैसे संवैधानिक कार्यों में इस प्रकार की दक्षता और समय पालन अन्य सभी कर्मचारियों के लिए हैं प्रेरणास्रोत - एसडीएम बेमेतरा प्रकाश भारद्वाज

निर्वाचन जैसे संवैधानिक कार्यों में इस प्रकार की दक्षता और समय पालन अन्य सभी कर्मचारियों के लिए हैं प्रेरणास्रोत - एसडीएम बेमेतरा प्रकाश भारद्वाज 

निर्वाचन कार्य में बेमिसाल दक्षता पर बीएलओ कुमार बंजरे सम्मानित, समय से पूर्व डिजिटाइजेशन कार्य किया पूरा 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 26 नवंबर 2025 - विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर -2026) एवं निर्वाचन कार्यों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए जा रहे डिजिटाइजेशन कार्य में बेमेतरा तहसील के भाग संख्या 283 ने उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। इस भाग के बूथ लेवल ऑफिसर कुमार बंजरे ने सौंपे गए सभी दायित्वों को न केवल पूर्ण दक्षता से पूरा किया, बल्कि समय से पूर्व 100% डिजिटाइजेशन कार्य समाप्त कर एक मिसाल कायम की है। 
मतदाता सूची को अद्यतन, सटीक और त्रुटिरहित बनाए रखने में डिजिटाइजेशन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसमें प्रत्येक पात्र मतदाता की जानकारी का सत्यापन, डिलीट/शिफ्ट किए गए नामों का समुचित अपडेशन और नये पंजीकृत मतदाताओं का समय पर समावेश प्रमुख माना जाता है। श्री बंजरे ने इन सभी कार्यों को अत्यंत जिम्मेदारी, ईमानदारी और त्वरित गति से पूरा किया। 
   एसडीएम बेमेतरा प्रकाश भारद्वाज ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर BLO श्री बंजरे को हार्दिक बधाई दी और कहा कि निर्वाचन जैसे संवैधानिक कार्यों में इस प्रकार की दक्षता और समय पालन अन्य सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आगे कहा कि निर्वाचन कार्य देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की रीढ़ है और इसकी सटीकता एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। समय से पहले 100% डिजिटाइजेशन का पूर्ण होना निर्वाचन आयोग के निर्देशों के प्रति गंभीरता और प्रशासनिक उत्तरदायित्व का उदाहरण है। 
        एसडीएम ने यह भी निर्देश दिए कि सभी ब्लॉक एवं तहसीलों के अधिकारी इस कार्यशैली से प्रेरणा लेकर एसआईआर 2026 की सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण करें, ताकि आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और विश्वसनीय हो। इस उपलब्धि से बेमेतरा तहसील के निर्वाचन कार्यों में एक सकारात्मक ऊर्जा आई है और यह अन्य बीएलओ एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरक उदाहरण बना है।