सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती 150 यूनिटी मार्च में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने दी विशेष उपस्थिति
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 14 नवंबर 2025 - आज बेमेतरा जिला प्रशासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा माय भारत बेमेतरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “सरदार @150 यूनिटी मार्च - एक भारत, आत्मनिर्भर भारत” कार्यक्रम में कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल सहित कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल और विशिष्ट अतिथि बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहु, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, प्रहलाद रजक, अवधेश चदेल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया।
जिले भर से आए युवाओं, विद्यार्थियों और जनसमूह ने एकता, राष्ट्रप्रेम और आत्मनिर्भरता का सशक्त संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और अदम्य साहस का प्रतीक रहा है। लौह पुरुष के रूप में उनकी पहचान केवल उनके कड़े निर्णयों से नहीं, बल्कि भारत को एक सूत्र में पिरोने की उनकी दूरदर्शिता से बनी है।
आज का यह यूनिटी मार्च उसी संकल्प और उसी उत्साह को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। यह कार्यक्रम युवाओं में नई ऊर्जा, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का संचार करता है। 'एक भारत - श्रेष्ठ भारत' का संदेश जब जन-जन तक पहुँचता है, तभी देश और अधिक संगठित और सशक्त बनता है।”
उन्होंने आगे कहा कि आज के आयोजन का उद्देश्य केवल एकता संदेश देना ही नहीं है, बल्कि युवाओं, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग को यह याद दिलाना है कि राष्ट्र निर्माण में सभी की समान जिम्मेदारी है। जब समाज का हर व्यक्ति अपने-अपने कार्य क्षेत्र में ईमानदारी और समर्पण के साथ योगदान देता है, तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना वास्तविकता में बदलता है। हमें सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में भाईचारा, सहयोग और सकारात्मक सोच को बढ़ाना होगा। राष्ट्रहित सर्वोपरि है और उसी भावना के साथ आगे बढ़ना ही सच्ची देशभक्ति है।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र छात्राएं, सामाजिक संगठन एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रमुख अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष अजय साहू, प्रदेश मंत्री संध्या परगनिया, पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमा जय दिवाकर, प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
भव्य यूनिटी मार्च, युवा जोश, राष्ट्रध्वज लहराते कदमों और देशभक्ति की गूंज ने पूरे आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।