कोदवा-सुरुङ्गदहरा उच्चस्तरीय पुल 25 माह बाद भी नहीं हो पाया पूर्ण

कोदवा-सुरुङ्गदहरा उच्चस्तरीय पुल 25 माह बाद भी नहीं हो पाया पूर्ण 

मंत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र के कार्यों में विभाग के अधिकारियों गंभीर नहीं, समय सीमा का भी कोई औचित्य नहीं 

कछुवा चाल से भी धीमा बन रहे दाढ़ी के सकरी नदी पर बन रहे उच्चस्तरीय पुल का क्षेत्र के ग्रामीणों को हैं बेसब्री से इंतजार 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 29 नवंबर 2025 - लोक निर्माण विभाग (सेतु) संभाग दुर्ग के कवर्धा सब डिवीजन अंतर्गत बेमेतरा जिले के दाढ़ी क्षेत्र में सकरी नदी पर कोदवा एवं सुरुङ्गदहरा निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल अब तक अपूर्ण हैं। जबकि इस पुल को 24.10.2024 तक पूर्ण हो जाना था, जो कि समयावधि पूर्ण होने के सालभर बाद भी तैयार नही हो पाया है। 
विभागीय अफसरों एवं निर्माण ठेकेदारों की निष्क्रियता के कारण दाढ़ी तहसील के कोदवा एवं सुरुङ्गदहरा क्षेत्र के हज़ारों ग्रमीणों को सकरी नदी पर पुल की सुविधा नही मिल पाया है। जबकि यह कार्य पिछले वर्ष तक पूर्ण हो जाना चाहिए था, आलम यह है कि उक्त निर्माण कार्य से लेकर अब तक विभाग के सब इंजीनियर, एसडीओ और ईई तक बदल गए है, इसके बावजूद स्थल पर लगे सूचना बोर्ड पर आज भी पुराने अधिकारियों के नाम व नंबर हैं, जिसको भी बदलना उचित नहीं समझा गया। 
     इस अपूर्ण पुल से राहगीरों एवं क्षेत्रवासियों को आवागमन करना मुश्किल है। लिहाजा किसी जरूरी कामकाज के लिये प्रभावित आमजनों को तहसील व नगर मुख्यालय दाढ़ी पहुंचने के काफी परेशानी व दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 
वैसे देखा जाए तो यह क्षेत्र वर्तमान में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल का गृह विधानसभा क्षेत्र है। जहां पर मन्त्री द्वारा निर्माण व विकास कार्यो के लिए समयसीमा व समयावधि को लेकर काफी स्पष्ट व सख्त हिदायत देते रहते है। मगर वही अधिकारियों की हिम्मत को देखिए उन्ही के विधायकी क्षेत्र में आज दो साल के महज एक पुल का पूर्ण नही हो पाना आमजनो में ढेरो सवाल खड़ा कर रहा है। 
        यह उच्चस्तरीय पुल निर्माण का कार्य लोक निर्माण सेतु विभाग के अधिकारियों की मनमानी एवं उदासीनता के कारण लेटलतीफ हो रहा है, जिसका एक कारण यह भी हैं कि इस विभाग का कार्यालय इस जिलें में नहीं हैं, साथ ही इसके इंजीनियर व अन्य अधिकारियों का कोई अता पता नहीं रहता, निर्माण कार्य ठेकेदार के लेबर व मिस्रियों के भरोसे होता हैं। अब ऐसे कार्यों की गुणवत्ता का आंकलन स्वयं ही किया जा सकता हैं। इस अधूरे निर्माण से आमलोगों के बीच शासन-प्रशासन के कार्यशैली व कार्यस्थल की जमकर वाहवाही हो रही है। क्षेत्र के लोग आयोजन कर विभाग व उसके अधिकारीयो के सम्मान करने के लिए उनकी प्रतीक्षा कर रहे हैं। 

25 माह बाद भी पुल निर्माण कार्य अधूरा - जिले के दाढ़ी क्षेत्र में सकरी नदी पर ग्राम कोदवा व सुरुङ्गदाहरा के बीच उच्चस्तरीय पुल निर्माण का कार्य लोक निर्माण (सेतु) विभाग द्वारा विगत 27 दिसम्बर 2022 को तकरीबन 377.15 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति एवं लगभग 333.33 लाख रुपये अनुमानित लागत से 15 सितम्बर 2023 को दुर्ग के एक ठेकेदार के फर्म को कार्यादेश मिला। जिसे 14 महीने की समय सीमा पश्चात 14 अक्टूबर 2024 तक पूरा करना था, किन्तु आज निर्माण कार्य की अवधि 25 महीने बाद भी अधूरा पड़ा है। वही कार्य की गति को देखते हुए अभी 03-04 माह और लगने की संभावना है, जो कि विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली व कार्यशैली को दर्शाता है। इस सम्बंध में कार्य स्थल के सूचना बोर्ड से सेतु विभाग के उप अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी एवं कार्यपालन अभियंता से संपर्क करने पर नही हो पाने पर उनका पक्ष नही मिल पाया।