प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 28 नवंबर 2025 - नगर पालिका परिषद बेमेतरा द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान आई.डी. 431007006 का संचालन अब ओम श्री महिला स्व-सहायता समूह, बेमेतरा से वापस ले लिया गया है। संबंधित समूह द्वारा 20 नवंबर 2025 को संचालन से त्यागपत्र दिए जाने के पश्चात दुकान का आबंटन निरस्त कर दिया गया है। वर्तमान में यह उचित मूल्य की दुकान रिक्त हो गई है।
नगर पालिका परिषद ने रिक्त दुकान के नए आबंटन हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश के प्रावधानों के अनुसार अर्हता पूर्ण करने वाले स्थानीय नगरीय निकाय, महिला स्व-सहायता समूह, प्राथमिक कृषि साख समितियां, अन्य सहकारी समितियां, राज्य शासन द्वारा विनिर्दिष्ट उपक्रम तथा वन सुरक्षा समितियां आवेदन करने के पात्र होंगे। आवेदक संस्था का कम से कम 03 माह पूर्व पंजीकृत होना अनिवार्य है।
इच्छुक संस्थाओं को निर्धारित प्रारूप में निम्न दस्तावेज संलग्न कर दिनांक 05 दिसंबर 2025 तक आवेदन प्रस्तुत करना होगा -
1. समिति का पंजीयन प्रमाण
2. संस्था के सदस्यों का विवरण
3. बैंक पासबुक की छायाप्रति
4. अध्यक्ष/सचिव/सदस्यों के आधार और पैन कार्ड की छायाप्रति
विज्ञापन से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रारूप का अवलोकन जिला कार्यालय, कक्ष क्रमांक 54 में कार्यालयीन समय में किया जा सकता है।