प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 14 अक्टूबर 2025 - शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में कक्षा 6 वीं एवं 9 वीं में प्रवेश हेतु अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2026) का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा किया जाएगा। यह परीक्षा देशभर के सैनिक स्कूलों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र सेवा की भावना का विकास करना है।
सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की आधिकारिक वेबसाइट www.nta.ac.in या https://exams.nta.ac.in/sainik-school-society के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2025 शाम 05 बजे तक निर्धारित की गई है। परीक्षा में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित आयु सीमा और शैक्षणिक पात्रता का पालन करना आवश्यक है। कक्षा 6 वीं में प्रवेश के लिए छात्र की आयु 10 से 12 वर्ष के बीच तथा कक्षा 9 वीं के लिए 13 से 15 वर्ष के बीच होनी चाहिए। परीक्षा का स्वरूप ऑब्जेक्टिव टाइप होगा, जिसमें गणित, सामान्य ज्ञान, भाषा एवं बुद्धि परीक्षण से संबंधित प्रश्न शामिल रहेंगे। सैनिक स्कूल अम्बिकापुर देश के प्रमुख आवासीय विद्यालयों में से एक है, जो विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा के साथ सैन्य प्रशिक्षण भी प्रदान करता है। इस परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को आगे चलकर राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं अन्य रक्षा सेवाओं में योगदान देने का अवसर मिलता है।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें और आवेदन पत्र भरते समय सभी आवश्यक दस्तावेज़ सावधानीपूर्वक अपलोड करें।