प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 14 अक्टूबर 2025 - वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, डीएसपी राजेश कुमार झा, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू के मार्गदर्शन में जिले भर में सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत "हमर पुलिस हमर बाजार" एवं "हमर पुलिस हमर गांव" अभियान के माध्यम से सतत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
इसी क्रम में 13 अक्टूबर 25 को यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो ने बेमेतरा यातायात पुलिस की टीम के साथ कन्या शाला बेमेतरा में "हमर पुलिस हमर गांव" अभियान के माध्यम से बालिकाओं और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों के बारे में जागरूक किया। इस कार्यक्रम में जेबरा क्रॉसिंग के सही उपयोग, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, बिना लाइसेंस के वाहन न चलाने और हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर विशेष बल दिया गया।
बालिकाओं को सड़क पर सही लेन में चलने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाने और मुड़ते समय इंडिकेटर के इस्तेमाल के महत्व को समझाया गया। इसके साथ ही उन्हें बीच सड़क पर वाहन खड़ा न करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और यातायात के अन्य नियमों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस जागरूकता अभियान में बैनर और पोस्टर के माध्यम से भी नागरिकों को यातायात के प्रति सचेत किया गया।
कार्यक्रम में बेमेतरा यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, प्रधान आरक्षक दौलत वर्मा, खोमलाल साहू, आरक्षक पारसमणी साहू, आशीष तिवारी एवं अन्य पुलिस स्टाफ सहित कन्या शाला स्कुल बेमेतरा के प्राचार्य कविता वाजपयी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहे।
सभी ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। यह अभियान जिले के हॉट-बाजारों, स्कूलों और कॉलेजों में निरंतर चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके और सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। बेमेतरा पुलिस का यह प्रयास जनहित में सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही उन्हें कानूनी जानकारी भी उपलब्ध करा रहा है, जिससे जिले की सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सके।