नवरात्रि में पंचमी के अवसर पर देवकर में माता का हुआ विशेष श्रृंगार

नवरात्रि में पंचमी के अवसर पर देवकर में माता का हुआ विशेष श्रृंगार 
प्रमोद गुप्ता बेमेतरा/साजा/देवकर - नवरात्रि के पांचवे दिन देवी भगवती के स्कंद माता रूप की पूजा बड़ी श्रद्धा भक्ति के साथ किया गया। पंचमी के अवसर पर माता का विशेष श्रृंगार हुआ। देवी मंदिरों के अलावा विराजित मां दुर्गा की प्रतिमाओं पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। बारिश और खराब मौसम के बाद भी नवरात्रि के पंचमी के अवसर पर देवी मंदिरों और देवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। प्रमुख देवी मंदिरों मां महामाया मंदिर, मां शीतला मंदिर, मां संतोषी मंदिर आदि सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। 
वहीं नगर देवकर के चौक चौराहों में स्थापित मां की भव्य प्रतिमाओं का दर्शन करने भी श्रद्धालु पहुंचे रहे हैं। नगर देवकर में इस वर्ष करीब 10 से अधिक स्थानों पर माता की प्रतिमाएं स्थापित की गई है। नवरात्रि के अवसर पर नगर देवकर के देवी मंदिरों के अलावा अन्य देवालयों में हजारों की संख्या में मनोकामना ज्योत जल रहे हैं। एक अनुमान के अनुसार नगर देवकर व ग्रामीणों क्षेत्रों के देवी मंदिरों में ही हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं व माता के भक्तों द्वारा मनोकामना ज्योत प्रज्वलित किया गया है। इसके अलावा अन्य देवालयों व धार्मिक स्थानों के अलावा चौक चौराहों के पंडालों में तथा घरों में बोए गए जोत -ज्वारा के साथ भी आस्था व मनोकामना के सैकड़ों ज्योत जगमगा रहे हैं।