प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/दुर्ग - रायपुर में आगामी 20-21 सितंबर को आयोजित चौथे हिंद युग्म उत्सव के अवसर पर हिंदवी कैंपस कविता के अंतर्गत काव्य पाठ हेतु भिलाई की नवोदित कवयित्री नीलम वर्मा का चयन किया गया है। नीलम वर्मा हिंद युग्म उत्सव के प्रथम दिन 20 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय सभा गृह में अपनी कविताओं का पाठ करेंगी।
हिंदवी कविता कैंपस के अंतर्गत विगत चार वर्षों से देश भर में यह आयोजन किया जाता है। रायपुर में हिंदवी कैंपस कविता का यह इक्कीसवां आयोजन होगा। नई पीढ़ी की रचनात्मकता से परिचित करवाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जाता है। नीलम वर्मा वर्तमान में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में शोधार्थी है। उनका शोध केंद्र शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय है।