विधायक दीपेश साहू के प्रयासों से बेमेतरा विधानसभा को मिली 26 करोड़ 80 लाख 26 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति
तीन प्रमुख सड़कों का होगा निर्माण, क्षेत्रीय आवागमन होगा और अधिक सुलभ
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश में लोक निर्माण विभाग द्वारा जनता की सुविधाओं को देखते हुए लगातार विकास कार्य किये जा रहें हैं। बेमेतरा विधानसभा में भी विधायक दीपेश साहू के निरंतर प्रयासों से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार निर्माण कार्यों की सौगात क्षेत्रवासियों को मिल रही है। इसी क्रम मे बेमेतरा विधानसभा को तीन बड़े विकास कार्यों की सौगात मिली है। क्षेत्र की आवागमन व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से कुल 26 करोड़ 80 लाख 26 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से तीन प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे, जिससे हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। तीन सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमे मुड़पारकला-तेलगा-भरदा मार्ग (लंबाई 5.80 किमी) जिसकी कुल लागत 776.83 लाख रूपये, कुम्हि-तेलगा-बलौदीकला मार्ग (लंबाई 9.10 किमी) जिसकी कुल लागत 1320.25 लाख रूपये और मुड़पारकला-भरदा-भेरवा मार्ग (लंबाई 4.20 किमी) कुल लागत 583.18 लाख रूपये हैँ।
इस ऐतिहासिक स्वीकृति के लिए बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि “यह स्वीकृति बेमेतरा क्षेत्र की वर्षों पुरानी आवश्यकता थी। लंबे समय से ग्रामीणजन इन सड़कों की खराब स्थिति से परेशान थे। अब यह मार्ग न केवल सुगम और सुरक्षित होंगे, बल्कि क्षेत्र में कृषि, व्यापार, परिवहन एवं शिक्षा क्षेत्र में भी तेज़ी से विकास सुनिश्चित करेंगे।” विधायक श्री साहू ने आगे कहा कि यह सभी कार्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल हैं और इनका क्रियान्वयन गुणवत्तापूर्ण एवं समयसीमा में सुनिश्चित कराया जाएगा। यह प्रशासकीय स्वीकृति बेमेतरा को सशक्त एवं समृद्ध बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। क्षेत्रवासियों ने इस विकास कार्य हेतु राज्य सरकार एवं विधायक दीपेश साहू का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।