तहसील साहू संघ बेरला द्वारा भूमिपूजन, लोकार्पण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल, विशिष्ट अतिथि दीपक ताराचंद साहू रहे मौजूद
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - बेमेतरा विधानसभा अंतर्गत नगर पंचायत बेरला के कर्मा भवन परिसर में आज तहसील साहू संघ बेरला द्वारा भूमिपूजन, लोकार्पण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दीपेश साहू एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में दीपक ताराचंद साहू पूर्व अध्यक्ष ह.शि.बो. उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भक्त माता कर्मा की पूजा-अर्चना के साथ की गई, जिसके उपरांत अतिथियों का पुष्पहार, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले तहसील साहू संघ के सामाजिक भवन का विधिवत भूमिपूजन किया गया एवं नवनिर्मित सामाजिक भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर साहू समाज के विभिन्न स्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संघ अध्यक्ष सूर्यकांत साहू ने अपने 6 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को मंच से साझा किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा बेरला तहसील साहू संघ ने बीते छह वर्षों में जो कार्य किए हैं, वह पूरे प्रदेश में एक मिसाल है। उन्होंने आगे कहा जिस तरह से अध्यक्ष सूर्यकांत साहू ने निःस्वार्थ भाव से समाज के हर वर्ग युवा, महिलाएं, छात्र-छात्राएं, बुजुर्ग और बेरोजगार युवाओं को जोड़ने का कार्य किया है, वह न केवल बेमेतरा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने संगठन को केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक आंदोलन बना दिया है।” मैं जब यह देखता हूं कि आज साहू समाज के बच्चे 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेश स्तर पर टॉप कर रहे हैं, तो गर्व होता है कि हम केवल भवन नहीं बना रहे, हम भविष्य गढ़ रहे हैं। ये नौनिहाल ही कल के डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी और नेता होंगे।”
उन्होंने आगे बताया कि समाज की विभिन्न योजनाओं जैसे निशुल्क कोचिंग, कंप्यूटर क्लास, सिलाई मशीन वितरण, सामूहिक विवाह, कार्यक्रम आदि ने जिस व्यापक स्तर पर लोगों को जोड़ा है, वह अन्य समाजों के लिए उदाहरण है। बेरला में जो 16 व्यावसायिक दुकानों का निर्माण कर युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है, वह पूरे छत्तीसगढ़ में किसी सामाजिक संगठन द्वारा नहीं किया गया अनूठा कार्य है। यह समाज के लिए आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का प्रतीक है।” आज का दिन केवल एक सामाजिक भवन के भूमि पूजन या लोकार्पण तक सीमित नहीं है, यह दिन उस सोच, उस संगठित प्रयास, और उस सामाजिक जागरूकता का परिणाम है, जिसे तहसील साहू संघ बेरला ने पिछले छह वर्षों में मजबूत नींव देकर आगे बढ़ाया है।” मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि मेरी जीत, मेरी पहचान केवल एक राजनीतिक दल की जीत नहीं है, यह पूरे साहू समाज और और सर्व समाज की सभी वर्गों की भागीदारी और आशीर्वाद की जीत है। मैं आपका सेवक हूं और जैसा आप आदेश देंगे, मैं वैसा ही कार्य करूंगा। हमारा उद्देश्य है सबका साथ, सबका विकास, और सबका विश्वास।”
कार्यक्रम मे दीपक ताराचंद साहू पूर्व अध्यक्ष ह.शि.बो., थानेखर साहू पूर्व अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग, गैदा राम साहू जिलाध्यक्ष साहू संघ बेमेतरा, सूर्यकान्त साहू अध्यक्ष तहसील साहू संघ बेरला, सूर्यकांत साहू, सुरितराम साहू, सरस्वती साहू महिला उपाध्यक्ष, बिसौहा साहू, सुशील साहू, भीखू राम साहू, कमल किशोर, अमर सिंग, राजेश साहू, अरुण साहू, मनहरण साहू, संतोष साहू संचालक, सतानंद साहू शिक्षक, भुवन साहू शिक्षक, कुशल साहू, सुरेश साहू, चित्ररेखा साहू, सावित्री साहू, मंजु साहू, कविता साहू, ममता साहू, केहर साहू, देवेद्र भारती शिक्षक सहित साहू समाज के समस्त पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।