कॉलेज प्रमुख को नहीं हैं जानकारी, स्टॉफ की भूमिका संदेह में, नोटिस देकर मांगा जवाब
एक ओर पूरे देश में एक पेड़ मां के नाम, वहीं दूसरी ओर सरकारी संस्था में बिना अनुमति पेड़ों की बिक्री व कटाई
साजा क्षेत्र के हॉर्टिकल्चर कॉलेज मोहगांव में पेड़ों को बेचने व बिना अनुमति कटाई का मामला आया सामने
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 07 फरवरी 2026 - जिलें के साजा ब्लाक के ग्राम मोहगाँव में स्थित हॉर्टिकल्चर कॉलेज परिसर में वन व राजस्व विभाग की अनुमति के बिना बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अब तक लगभग 10-11 पेड़ो को काटा जा चुका हैं, वहीं काटे जा रहे पेड़ों को ठेकेदारों को बेची गई है, जिस पर ठेकेदार द्वारा पेड़ों को काटकर उसकी लकड़ी को ले जाया जा रहा हैं। बताया जा रहा है कि एक पेड़ को लगभग 7 हजार रुपये की दर से बेचा गया हैं। अब तक दर्जनों पेड़ काटे जा चुके हैं, जिससे क्षेत्र का पर्यावरण संतुलन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह कार्य रविवार और अवकाश के दिनों में किया गया, जब कॉलेज बंद रहता है। इससे कॉलेज प्रशासन की भूमिका भी संदेह के दायरे में है, जिससे कॉलेज प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।
स्टॉफ को नोटिस जारी कर सात दिन में मांगा जवाब
इस मामले में हॉर्टिकल्चर कॉलेज मोहगांव के डीन सुनील कश्यप ने बताया कि जिस दिन लकड़ी की कटाई की गई, वह दिन रविवार था और उस दिन मेरी अनुपस्थिति में यह कार्य किया गया। मुझे इसकी जानकारी मीडिया के माध्यम से हुई। इस मामले में जो भी कर्मचारी संलिप्त हैं, उन्हें स्पष्टीकरण के लिए नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर उनका जवाब मांगा गया हैं।
बिना अनुमति कटाई अपराध
ग्राम सरपंच दीपक साहू ने कहा कि पूरे देश में एक ओर एक पेड़ मां के नाम चलाया जा रहा हैं, वहीं दूसरी ओर बिना सूचना और बिना अनुमति के पेड़ों की कटाई की जा रही है। किसी भी प्रकार के विकास कार्यों के लिए पेड़ो की कटाई से पहले प्रशासनिक अनुमति और जनप्रतिनिधियों से चर्चा आवश्यक है, अन्यथा यह अपराध की श्रेणी में आता हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की गतिविधियाँ न सिर्फ पर्यावरण को नुकसान पहुँचाती हैं, बल्कि समाज को यह गलत संदेश देती हैं कि पेड़ लगाने की बजाय उन्हें काटा जाए, जो भविष्य के लिए बेहद घातक है।
नाराजगी, कार्यवाही की मांग
इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में गहरी नाराजगी है। उन्होंने इस मामले पर प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।