प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 3 जून 2025 - कलेक्टर रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के दिशा सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री शर्मा ने सभी जिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुशासन तिहार 2025 के तहत आयोजित समाधान शिविरों के सफल आयोजन और प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जनसेवा का यह कार्य जनता के विश्वास को मज़बूत करता है। श्री शर्मा ने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी ज़िम्मेदारी को पूरी निष्ठा और लगन से निभाएं और जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उन्होंने युक्तियुक्तकरण एवं वय वंदन योजना की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों के वय वंदन कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने तहसीलदारों से कहा कि वे स्वामित्व चार्ट तैयार कराकर समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि स्वामित्व कार्ड केवल एक दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण जनता के अधिकारों और आत्मनिर्भरता का प्रमाण है। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों से इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
श्री शर्मा ने विभिन्न शासकीय कार्यालयों के लंबित विद्युत बिलों के भुगतान की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे विद्युत विभाग से निरंतर संपर्क में रहें और बिलों का जल्द भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि वे लगातार अनुगमन करते रहें।
कलेक्टर ने कहा कि नवभारत साक्षरता कार्यक्रम (उल्लास) की बैठक 9 जून को रखी जाएगी। सभी अधिकारी उसमें शामिल होकर इस अभियान को और प्रभावी बनाने पर विचार करें।
इसके अलावा कलेक्टर श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की और कहा कि सभी विभाग इस दिशा में तेज़ी से काम करें। सभी घोषणाओं को यथाशीघ्र अमल में लाया जाए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत टेकचंद्र अग्रवाल, अपर कलेक्टर अनिल बाजपेयी, जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने अंत में कहा कि “जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हम सबकी ज़िम्मेदारी है। सभी अधिकारी जनहित के कार्यों को समर्पित भाव से करें, ताकि जिले का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित हो सके।