चोरभट्टी के ग्रामीणों ने मुर्गी दाना कंपनी से फैल रही दुर्गंध को लेकर विधायक दीपेश साहू को सौंपा ज्ञापन
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - विधानसभा के ग्राम चोरभट्टी के ग्रामीणों ने आज विधायक दीपेश साहू को ज्ञापन सौंपते हुए गांव के पास संचालित मुर्गी दाना (कृमि पालन) यूनिट से फैल रही गंभीर दुर्गंध और स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभावों की शिकायत को लेकर विधायक दीपेश साहू को ज्ञापन सौपा है। ग्रामीणों के अनुसार उक्त इकाई से निकलने वाली अत्यधिक दुर्गंध से न केवल चोरभट्टी, बल्कि आस-पास के गांव जैसे मटका, ताला और जिया कॉलेज क्षेत्र भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्राम पंचायत चोरभट्टी की सरपंच रेखा पात्रे और सचिव राजकुमार साहू द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यह इकाई बस्ती के करीब स्थापित की गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को सांस लेने में परेशानी, बदबू के कारण उल्टी जैसी स्थिति और मानसून में हालात और अधिक खराब होने की आशंका जताई गई है।
विधायक दीपेश साहू ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे इस विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करेंगे कि अविलंब स्थल निरीक्षण कर उचित कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि “ग्रामवासियों की सेहत और जीवन की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि यह इकाई नियमों के विपरीत या बिना पर्यावरणीय मानकों के स्थापित है, तो उसे बंद कराना सुनिश्चित किया जाएगा।”
विधायक श्री साहू ने यह भी बताया कि वे स्वयं संबंधित अधिकारियों से बात कर क्षेत्र का निरीक्षण करवाएंगे और यदि आवश्यकता पड़ी तो पर्यावरण विभाग एवं जनस्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से भी हस्तक्षेप कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने विधायक श्री साहू को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए जल्द समाधान की उम्मीद जताई है।