केंद्र व राज्य सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपरा को संजोए रखने किए जा रहे निरंतर कार्य - सांसद विजय बघेल

सांसद ने राज्य और जिले के विकास की उपलब्धियां गिनाते हुए जिलेवासियों को दी राज्योत्सव की शुभकामनाएं 

राज्योत्सव में स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने जीता दिल 

सुप्रसिद्ध लोकगायिका अल्का चंद्राकर की प्रस्तुति पर झूम उठा बेमेतरा 

बेमेतरा में हर्षोल्लास से मना राज्योत्सव, विकास की अनुपम झलक और लोकसंस्कृति के रंगों से सराबोर हुआ बेसिक स्कूल ग्राउंड 
बेमेतरा 02 नवंबर 2026 - छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बेमेतरा स्थित बेसिक स्कूल ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पूरा मैदान छत्तीसगढ़िया संस्कृति, विकास और उल्लास के त्रिवेणी संगम का गवाह बना।

सांसद, मंत्री ने किया शुभारंभ 
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद विजय बघेल, मंत्री दयाल दास बघेल एवं अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सांसद श्री बघेल ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 
  सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि पीएम व सीएम के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपरा को संजोए रखने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ को तराश कर विकसित और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में अनूठा कार्य हो रहा है। राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को समृद्ध, खुशहाल, सशक्त नारी और युवा उड़ान के लिए महत्वाकांक्षी योजनाएं बनाई जा रही हैं। महतारी वंदन, कृषक उन्नति, नियद नेल्ला नार जैसी योजनाओं ने प्रदेश के विकास को नई गति दी है।
    इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि बेमेतरा जिले में शिक्षा, सिंचाई, पेयजल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। 
   कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने जिले में हुए चहुंमुखी विकास की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में विकास, शांति, सुशासन और जल संरक्षण के क्षेत्र में जनभागीदारी से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। 

विकास प्रदर्शनी में दिखी अनवरत विकास की झलक 
जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों कृषि, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आदिवासी विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, पीएम आवास, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना से आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन की जीवंत झलक देखने को मिली। लोगों ने योजनाओं की जानकारी ली और लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। 

स्कूली बच्चों की प्रस्तुति ने बिखेरी लोक संस्कृति की चमक 
राज्योत्सव मंच पर शासकीय शालाओं के छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी। बच्चों द्वारा प्रस्तुत पंथी नृत्य की थाप, पंडवानी का ओजस्वी गायन, आदिवासी लोकगीतों की मधुरता और सुआ नृत्य की मनमोहक लय ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की एक-एक प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। 
अल्का चंद्राकर के गीतों पर झूम उठा बेमेतरा 
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोकगायिका सुश्री अल्का चंद्राकर की सांस्कृतिक प्रस्तुति रही। उनके द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी लोकगीतों - "अरपा पैरी के धार..." और सुआ, ददरिया गीतों पर पूरा पंडाल झूम उठा। उनकी सुरीली आवाज ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ की माटी से जोड़ दिया और देर रात तक लोग उनकी प्रस्तुति का आनंद लेते रहे।

विद्यार्थियों और विभागों को किया पुरस्कृत 
शुभारंभ पश्चात अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। कार्यक्रम के अंत में सांसद विजय बघेल सहित जनप्रतिनिधियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभागीय स्टॉल प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं और विभागों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। 

आयोजन में उपस्थिति 
इस अवसर पर रजककार विकास बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, जिला पंचायत बेमेतरा श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बेमेतरा विजय सिन्हा, अध्यक्ष जनपद पंचायत बेमेतरा श्रीमती हेमा जय दिवाकर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, जिला पंचायत सीईओ सुश्री प्रेमलता पद्माकर सहित जनप्रतिनिधिगण, जिला स्तरीय अधिकारी, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, नागरिकगण और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने सभी का आभार व्यक्त किया। 



By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ