दिव्यांग बच्चों के लिए शिक्षा विभाग ने लगाया आंकलन एवं मूल्यांकन शिविर, 227 बच्चों का हुआ परीक्षण

बेमेतरा एवं नवागढ़ के दिव्यांग बच्चों के लिए जिला चिकित्सालय तथा साजा एवं बेरला के बच्चों के लिए बीआरसीसी साजा में शिविर आयोजित 
बेमेतरा 02 नवंबर 2026 - समग्र शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के दिव्यांग बच्चों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आंकलन एवं मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के तहत विकासखंड बेमेतरा एवं नवागढ़ के दिव्यांग बच्चों के लिए शासकीय जिला चिकित्सालय बेमेतरा तथा विकासखंड साजा एवं बेरला के बच्चों के लिए बीआरसीसी (BRCC) साजा में शिविर आयोजित किया गया।

रायपुर के विशेषज्ञ टीम द्वारा बच्चों का परीक्षण एवं मूल्यांकन 
आयोजित शिविर में जिले के चारों विकासखंडों से कुल 227 दिव्यांग बच्चों का परीक्षण एवं मूल्यांकन किया गया। इस दौरान रायपुर से पहुंची एलिम्को (ALIMCO) की विशेषज्ञ टीम द्वारा बच्चों की दिव्यांगता एवं उनकी व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हांकन एवं मापन की प्रक्रिया पूरी की गई। 

शिक्षा से जोड़कर सुविधाएं उपलब्ध कराना 
कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक समग्र शिक्षा सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला परियोजना संचालक समग्र शिक्षा श्रीमती प्रेमलता पद्माकर के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और उनकी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना था। 
दिव्यांगता प्रमाण-पत्र तथा उपकरण उपलब्ध कराने की हुई प्रक्रिया 
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों का आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य परीक्षण एवं दिव्यांगता संबंधी मूल्यांकन किया गया। साथ ही पात्र बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने तथा उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया संपन्न की गई। एलिम्को की टीम द्वारा किए गए मापन एवं चिन्हांकन के आधार पर बच्चों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यवाही की गई। 

सुविधा देने महत्वपूर्ण कदम 
यह पहल दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के समान अवसर प्रदान करने, उनकी शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने तथा दैनिक जीवन को अधिक सहज एवं सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी और वे आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ सकेंगे।

आयोजन में रहा अधिकारियों का सहयोग 
शिविर के सफल आयोजन में जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, जिला मिशन समन्वयक नकुल प्रसाद पनागर, समावेशी शिक्षा प्रभारी श्रीमती रेणुका चौबे, बीआरपी बेमेतरा श्रीमती रजनी देवांगन, बीआरपी नवागढ़ श्रीमती सरिता सतनामी, बीआरपी साजा चन्द्रकांत वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। 




By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ