बेमेतरा मंडी में अधिसूचित कृषि उपजों का क्रय-विक्रय प्रारंभ, बेहतर मूल्य मिलने से किसानों में उत्साह

शासन-प्रशासन की पहल से मंडी प्रारंभ होने पर किसानों को फसल की दाम का मिलेगा बेहतर अवसर  
बेमेतरा 25 नवंबर 2026 - किसानों को उनकी कृषि उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराने तथा कृषि उपजों के व्यवस्थित क्रय-विक्रय को प्रोत्साहित करने की दिशा में बेमेतरा मंडी में आज अधिसूचित कृषि उपजों का क्रय-विक्रय प्रारंभ हुआ। मंडी प्रांगण में जिला प्रशासन के अधिकारियों, मंडी समिति के प्रतिनिधियों, कृषकों एवं व्यापारियों की उपस्थिति में क्रय-विक्रय का शुभारंभ किया गया। 

महामाया व सरना धान का विक्रय 
क्रय-विक्रय के प्रथम दिवस किसान अगेश्वर साहू द्वारा महामाया धान का विक्रय 2951 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरना धान का विक्रय 2551 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किया गया। उक्त कृषि उपजों का क्रय मंडी बेमेतरा के पंजीकृत थोक एवं प्रसंस्करणकर्ता व्यापारी फर्म भुतड़ा राईस एण्ड दाल मिल बेमेतरा द्वारा किया गया। 

बेहतर मूल्य मिलने से किसानों के चेहरे खिले 
मंडी प्रांगण में अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने से किसान अगेश्वर साहू उत्साहित एवं प्रसन्न नजर आए। मंडी में कृषि उपजों का क्रय-विक्रय प्रारंभ होने से किसानों को अपनी उपज के विक्रय के लिए व्यवस्थित बाजार उपलब्ध हो रहा है। किसानों ने बेहतर मूल्य मिलने पर खुशी जाहिर की। शासन की किसान हितैषी योजनाओं के अंतर्गत पात्र किसानों को नियमानुसार मिलने वाली सहायता से उन्हें अतिरिक्त आर्थिक लाभ प्राप्त होने की उम्मीद है। 
शासन-प्रशासन की पहल से किसानों को मिल रहा बेहतर अवसर 
शासन द्वारा किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने, उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने तथा कृषि क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न किसान हितैषी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं मंडी समिति द्वारा मंडी में कृषि उपजों के व्यवस्थित क्रय-विक्रय को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक पहल की जा रही है। 

सभी कृषि जिंसों का क्रय-विक्रय 
मंडी प्रांगण बेमेतरा में अधिसूचित कृषि उपजों का क्रय-विक्रय प्रारंभ होने से किसानों को अपनी उपज के विक्रय का बेहतर अवसर प्राप्त हो रहा है। इसी प्रकार मंडी में अन्य कृषि जिंसों का क्रय-विक्रय भी किया जाएगा। 
     मंडी में क्रय-विक्रय की शुरुआत से किसानों में उत्साह का माहौल है तथा उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद जगी है। 

जिले के किसानों से मंडी में उपज विक्रय करने की अपील 
मंडी समिति के प्रबंधक ने जिले के समस्त किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बेमेतरा मंडी पहुंचकर अपनी कृषि उपज का विक्रय करें तथा मंडी में उपलब्ध सुविधाओं एवं बेहतर बाजार मूल्य का लाभ उठाएं। उन्होंने किसानों से मंडी में अपनी उपज का विक्रय कर कृषि उपजों के व्यवस्थित क्रय-विक्रय को प्रोत्साहित करने में सहयोग करने का आग्रह किया है। 



By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ