ग्रीष्मकालीन धान छोड़ कम पानी वाली दलहन-तिलहन फसलों को अपनाएं - जिला प्रशासन बेमेतरा

मिलेट उत्पादक समस्त किसान पोर्टल से पंजीयन करायें तथा फसलों के समर्थन मूल्य का लाभ ले - उप संचालक कृषि मोनेष साहू 

बेमेतरा में गिरते भू-जल स्तर पर प्रशासन की किसानों से अपील 
बेमेतरा 25 नवंबर 2026 - जिले में गिरते भू-जल स्तर को नियंत्रित करने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने किसानों से ग्रीष्मकालीन (रबी) धान की फसल नहीं लेने की अपील की है। प्रशासन ने किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली लाभकारी दलहन और तिलहन फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी है। जिले की कृषि परिस्थितियों को देखते हुए स्थानीय मिट्टी एवं सिंचाई की उपलब्धता के आधार पर चना, मूंग, उड़द, मक्का, सूरजमुखी, तिल, सब्जियां, तरबूज एवं खरबूजा जैसी वैकल्पिक फसलें ली जा सकती हैं। अधिकारियों के अनुसार ग्रीष्मकालीन धान की फसल में अत्यधिक सिंचाई की आवश्यकता होती है, जिससे जिले के भू-जल स्तर में लगातार गिरावट आ रही है। भूमिगत जल के अत्यधिक दोहन से गर्मी के दिनों में आम नागरिकों और मवेशियों के लिए पेयजल संकट गहराने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा लगातार एक ही फसल (धान) लेने से मिट्टी के पोषक तत्व घटते हैं और उत्पादन लागत भी बढ़ती है।

दलहन-तिलहन से कम पानी में अधिक लाभ 
चना, मूंग, उड़द, सरसों, तिल और सूरजमुखी जैसी फसलों में धान की तुलना में काफी कम पानी लगता है। बाजार में इनकी अच्छी मांग के साथ न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी की सुविधा होने से किसानों को बेहतर शुद्ध लाभ मिल सकता है। दलहनी फसलों की जड़ें वायुमंडल से नाइट्रोजन लेकर मिट्टी में स्थिर करती हैं, जिससे अगली फसल के लिए उर्वरक का खर्च कम होता है। 

21 समितियों में एमएसपी पर खरीदी की व्यवस्था 
किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के तहत जिले की 21 सहकारी समितियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था की गई है। केंद्र सरकार ने रबी विपणन वर्ष 2027-28 के लिए मसूर 7390 रुपए, सरसों 6613 रुपए और चना 5958 रुपए प्रति क्विंटल की दर निर्धारित की है। 

बीज अनुदान व तकनीकी मार्गदर्शन 
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फसल विविधीकरण अपनाने वाले किसानों को शासन की योजनाओं में प्राथमिकता दी जा रही है और उन्नत किस्म के प्रमाणित बीजों पर विशेष अनुदान भी मिल रहा है। साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र और मैदानी अमले द्वारा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। प्रशासन ने किसानों से आग्रह किया है कि भविष्य के जल संकट को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन धान की बुवाई न करें। बीज और विस्तृत जानकारी के लिए क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या विकासखंड कृषि कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। 

सहकारी समितियों के माध्यम से होगी कोदो, कुटकी एवं रागी फसलों की खरीदी 
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) एवं राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा खरीफ वर्ष 2026 में लघु धान्य मिलेट्स श्री अन्न (कोदो, कुटकी एवं रागी) का उपार्जन की प्रक्रिया धान उपार्जन हेतु अपनाई जाने वाली प्रचलित व्यवस्था राशि की व्यवस्था तथा उपार्जन मात्रा का सुरक्षित रख-रखाव एवं उठाव किया जायेगा। जिले में उपार्जन केन्द्रों में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति देवरबीजा, दाढ़ी, नवागढ़ एवं मऊ का चयन किया गया है। कोदो, कुटकी एवं रागी के उपार्जन हेतु कृषकों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल पर होने तथा रकबा सत्यापन एग्रीस्टेक एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे से होने की स्थिति में उपार्जन हेतु कृषकों की पात्रता निर्धारित करने तथा जिन क्षेत्रों में रकबे की पुष्टि हेतु डीसीएस डाटा उपलब्ध नहीं है वहां संबंधित फसल रकबे का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा गिरदावरी के माध्यम से किये जाने को भी पात्रता निर्धारण के लिए मान्य की जायेगी। 
   खरीफ 2026 में उत्पादित लघु धान्य फसलों की उपार्जित मात्रा पूर्व वर्ष की भाँति कोदो-3.50 क्विंटल प्रति एकड़, कुटकी-2 क्विंटल प्रति एकड़ एवं रागी-3.50 क्विंटल प्रति एकड़ क्रय किया जायेगा। लघु धान्य मिलेट्स कोदो, कुटकी एवं रागी का उपार्जन की निर्धारित अवधि 15 दिसम्बर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक किया जायेगा। 

    उप संचालक कृषि मोनेष साहू ने किसानों से अपील की है कि कोदो, कुटकी एवं रागी उत्पादक किसान भाई एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से पंजीयन करायें तथा शासन से घोषित न्यूनतम् समर्थन मूल्य कोदो-3200 रूपये प्रति क्विंटल, कुटकी-3350 रूपये प्रति क्विंटल तथा रागी 5205 रूपये प्रति क्विंटल की दर से उपार्जन की जायेगी। 


By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ