युवक की ईमानदारी और पुलिस की तत्परता की एसपी त्रिलोक बंसल ने की सराहना
ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल बनी बेमेतरा यातायात पुलिस एवं राहगीर युवक
बेमेतरा 25 नवंबर 2026 - बेमेतरा यातायात पुलिस की तत्परता और एक राहगीर युवक की ईमानदारी से एक महिला को उसका खोया हुआ पर्स सुरक्षित वापस मिल गया। युवक द्वारा सड़क पर मिले पर्स को यातायात पुलिस के सुपुर्द करने तथा पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर वास्तविक स्वामी की पहचान कर पर्स लौटाने का सराहनीय कार्य किया।
युवक ने दिया ईमानदारी एवं जिम्मेदारी का परिचय
दिनांक 24 नवंबर 2026 को एक युवक बेमेतरा से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान उसे रास्ते में सड़क पर एक पर्स पड़ा हुआ मिला। युवक ने ईमानदारी एवं जिम्मेदारी का परिचय देते हुए पर्स को अपने पास रखने के बजाय रास्ते में ड्यूटी पर तैनात बेमेतरा यातायात पुलिस के जवानों को सौंप दिया।
स्वामी का पता लगाने के निर्देश
घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) ने यातायात पुलिस टीम को पर्स के वास्तविक स्वामी का पता लगाकर उसे सुरक्षित सुपुर्द करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव एवं एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो के नेतृत्व में यातायात स्टाफ द्वारा पर्स के स्वामी की तलाश शुरू की गई।
स्वामी की पहचान कर किया सुपुर्द
इसी दौरान पर्स की वास्तविक स्वामी महिला जो किसी कार्य से बेमेतरा आई हुई थी, घर लौटते समय अपना पर्स रास्ते में कहीं गिर जाने के कारण परेशान होकर उसे तलाशते हुए वापस पहुंची और ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस से संपर्क किया। यातायात पुलिस टीम ने आवश्यक जानकारी एवं पुष्टि के बाद महिला को उसका पर्स सुरक्षित एवं विधिवत सुपुर्द कर दिया।
युवक को ईमानदारी पर दी बधाई
अपना खोया हुआ पर्स सुरक्षित वापस मिलने पर महिला ने बेमेतरा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, आरक्षक पारसमणी साहू, आशीष तिवारी एवं राजेश सिंह राजपूत ने पर्स पुलिस को सौंपने वाले राहगीर युवक के ईमानदारीपूर्ण एवं प्रेरणादायक कार्य की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
युवक व यातायात पुलिस ने पेश की मिशाल
एसपी त्रिलोक बंसल (IPS) ने कहा कि राहगीर युवक एवं बेमेतरा यातायात पुलिस टीम ने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक मूल्यों का परिचय देते हुए मानवता की प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की है। उनका यह कार्य समाज को संदेश देता है कि आज भी सच्चाई और ईमानदारी जीवित है। उन्होंने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए राहगीर युवक एवं यातायात पुलिस टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की।
बेमेतरा पुलिस द्वारा राहगीर युवक के इस ईमानदारीपूर्ण एवं सराहनीय कार्य के लिए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522
0 टिप्पणियाँ