लोकतंत्र बचाओ आंदोलन की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक

08 अक्टूबर को बेमेतरा में होगा जिला स्तरीय पैदल मार्च, कांग्रेसजनों को सौंपी गई जिम्मेदारियां 
बेमेतरा 06 अक्टूबर 2026 - जिला कांग्रेस कार्यालय बेमेतरा में आगामी 08 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय “लोकतंत्र बचाओ आंदोलन” की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित पैदल मार्च की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की सहभागिता, अनुशासन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। 

जिला स्तरीय पैदल मार्च का आयोजन 
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बताया गया कि चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर उठ रहे सवालों तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 08 अक्टूबर को जिला स्तरीय पैदल मार्च आयोजित किया जाएगा। यह पैदल मार्च पुराना कांग्रेस भवन से प्रारंभ होकर गांधी चौक स्थित राम मंदिर प्रांगण तक पहुंचेगा, जहां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विरोध-प्रदर्शन एवं पुतला दहन किया जाएगा।

लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी अपनी आवाज 
बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक मूल्यों से जुड़े विषयों को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। आंदोलन को सफल बनाने के लिए संगठन के सभी स्तरों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया। 

कांग्रेस पार्टी के सभी विभाग, दल, कमेटी होंगे शामिल 
इस जिला स्तरीय आंदोलन में जिला कांग्रेस कमेटी, सेवादल, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, शहर कांग्रेस कमेटी, शहर महिला कांग्रेस, इंटक, अनुसूचित जाति/जनजाति प्रकोष्ठ, खेल प्रकोष्ठ, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, जिला युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके साथ ही जिला पंचायत सदस्यगण, जनपद अध्यक्ष एवं सदस्यगण, पार्षद एवं पूर्व पार्षदगण तथा कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों एवं विभागों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है। जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा ने सभी कांग्रेसजनों से एकजुट होकर लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर आयोजित इस कार्यक्रम में सहभागी बनने का आह्वान किया है। 

बैठक में रहे उपस्थित  
इस अवसर पर उपस्थित मंगत साहू, रश्मि मिश्रा, मिथलेश वर्मा, सुमन गोस्वामी, ललित विश्वकर्मा, मनोज शर्मा, शकुन्तला साहू, रीता पाण्डेय, जनता साहू, योगिता साहू, राजू साहू, टोकेश्वर साहू, प्रकाश ठाकुर, मिनटा नामदेव, राम ठाकुर, चंद्र प्रकाश शीतलानी, सीताराम यदु, बलवंत साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ