एसडीएम सुश्री दिव्या पोटाई ने रेस्ट हाउस में ली शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक, नपा अध्यक्ष विजय सिन्हा सहित अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं दुर्गा समिति के सदस्य हुए शामिल
दशहरा, दीपावली सहित आगामी सभी पर्वों को आपसी सद्भाव और भाईचारे से मनाने की अपील, बेमेतरा के गौरवमयी इतिहास को बरकरार रखने का आह्वान
बेमेतरा 09 अक्टूबर 2026 - आगामी दशहरा, दीपावली, ईद एवं अन्य प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आज शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नपा अध्यक्ष विजय सिन्हा, सीईओ जिला पंचायत सुश्री प्रेमलता पद्माकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ हरीश यादव, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री दिव्या पोटाई, जनप्रतिनिधि एवं दुर्गा समिति के सदस्य उपस्थित थे।
पर्वों में शांतिपूर्ण, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव कायम रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा
बैठक में नगर की शांति व्यवस्था बनाए रखने, आगामी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा नागरिकों के बीच आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव कायम रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने आपसी समन्वय के साथ त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर जोर दिया।
बेमेतरा नगर की पहचान आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव से है, जिसको बनाए रखना हम सब की जिम्मेदारी
शांति समिति की बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि बेमेतरा नगर की पहचान आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव से है। सभी नागरिकों एवं आयोजन समितियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से मनाएं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नगर की शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें और सभी पर्वों को मिल-जुलकर उत्साह के साथ मनाएं।
बेमेतरा की पहचान है भाईचारा
बैठक को संबोधित करते हुए सीईओ जिला पंचायत सुश्री प्रेमलता पद्माकर ने कहा कि बेमेतरा जिला हमेशा से आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के लिए जाना जाता है। जिले का गौरवमयी इतिहास रहा है, जहां सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं। इस परम्परा को हम सभी को बरकरार रखना है। उन्होंने सभी समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अपील की कि दशहरा, दीपावली सहित सभी पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।
प्रशासन ने दिए दिशा-निर्देश
अफवाहों से बचें - किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के सोशल मीडिया पर कोई भी भ्रामक पोस्ट शेयर न करें। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
डीजे एवं ध्वनि विस्तारक - सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करें।
सुरक्षा व्यवस्था - भीड़-भाड़ वाले स्थानों, बाजारों एवं पूजा पंडालों में पुलिस की अतिरिक्त व्यवस्था रहेगी। आयोजक समितियां सीसीटीवी और स्वयंसेवकों की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
साफ-सफाई - नगर पालिका को त्योहारों के दौरान विशेष साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
सभी के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न कराना
बैठक का उद्देश्य नगर में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना तथा सभी आयोजनों को प्रशासन एवं नागरिकों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न कराना रहा।
हरसंभव सहयोग का आश्वासन
बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव दिए और प्रशासन को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति और सद्भाव बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
बैठक में उपस्थिति
इस अवसर पर शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन, नपा उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, सभापति गौरव साहू, सभापति पंचू साहू, सभापति नीतू कोठारी, पार्षद निखिल साहू, एल्डरमेन राकेश मोहन शर्मा, तहसीलदार, थाना प्रभारी बेमेतरा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, विभिन्न समाजों के प्रमुख, व्यापारी संघ के पदाधिकारी, पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ