मानवता की मिसाल : जरूरतमंद मरीज की मदद के लिए एक बार फिर आगे आए बेमेतरा पुलिस के जवान
बेमेतरा 04 अक्टूबर 2026 - जिला चिकित्सालय बेमेतरा में भर्ती एक गंभीर मरीज के शरीर में रक्त की कमी होने की जानकारी मिलते ही मरीज के परिजन चिंतित हो गए। मरीज के उपचार के लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता होने पर परिजनों ने सहायता के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष बेमेतरा से संपर्क किया।
मानवता का परिचय
सूचना प्राप्त होते ही बेमेतरा पुलिस के स्टाफ ब्लड डोनर्स ग्रुप से जुड़े रक्तदाता आरक्षक विक्रम सिंह एवं आरक्षक सुरेन्द्र भारती ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल रक्तदान करने का निर्णय लिया। दोनों पुलिस जवान बिना किसी विलंब के जिला चिकित्सालय बेमेतरा पहुंचे और जरूरतमंद मरीज के लिए रक्तदान कर आवश्यक रक्त उपलब्ध कराया।
जवानों के प्रति आभार व्यक्त
समय पर रक्त उपलब्ध होने से मरीज के उपचार में सहायता मिली और उसकी स्थिति में सुधार हुआ। मरीज के परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए बेमेतरा पुलिस एवं रक्तदाता पुलिस जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनसेवा और मानव सेवा पुलिस का प्रथम कर्तव्य
इस अवसर पर रक्तदाता पुलिस जवानों ने कहा कि जनसेवा और मानव सेवा ही पुलिस का प्रथम कर्तव्य है। जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना हमारा दायित्व है।
जिंदगी बचाने का अवसर
बेमेतरा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रक्तदान को केवल सामाजिक जिम्मेदारी न समझें, बल्कि इसे किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का अवसर मानें। स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद कर सकते हैं। आपका कुछ समय और आपका रक्त किसी परिवार की खुशियां वापस ला सकता है।
जीवन की उम्मीद
रक्तदान करने से न डरें, आपका रक्त किसी के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है। समाज के प्रत्येक सक्षम नागरिक को आगे आकर रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों की मदद के लिए अपना योगदान देना चाहिए।
आमजन द्वारा प्रशंसा
बेमेतरा पुलिस जवानों द्वारा किए गए इस सराहनीय एवं मानवीय कार्य की आमजन द्वारा प्रशंसा की जा रही है। यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग एवं मानवीय संवेदनाओं को और मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण है।
0 टिप्पणियाँ