सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शिविर में 284 का स्वास्थ्य जांच एवं 40 लोगो ने किया रक्तदान
शिविर में फूड बास्केट, आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड का वितरण के साथ दी गई एचआईवी, टीबी, एचपीवी व योजनाओं की जानकारी
बेमेतरा 10 अक्टूबर 2026 - सेवा ही संकल्प अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ में दिनांक 09 अक्टूबर 2026 दिन शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।
बीएमओ व बीपीएम के नेतृत्व में शिविर
यह शिविर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार सीएमएचओ डॉ शरद कोहाड़े के मार्गदर्शन एवं खंड चिकित्सा अधिकारी नवागढ़ डॉ. एमएम रजा व बीपीएम सीके देवांगन के नेतृत्व में प्रातः 10 बजे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ परिसर में आयोजित किया गया, जो देर शाम तक चला।
जन प्रतिनिधियों के आतिथ्य में शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद अध्यक्ष खोरबाहरा राम साहू, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती माया हीरा बारले, उपाध्यक्ष नगर पंचायत नवागढ़ शोम ठाकुर के मुख्य आतिथ्य में किया गया।
रक्तदान पुनीत और मानवता की सेवा का कार्य
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमएम रजा ने बताया कि रक्तदान से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए बेहद पुनीत और मानवता की सेवा का कार्य है। 18 से 65 वर्ष का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है।
फूड बास्केट, आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड का वितरण
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही 02 टीबी हितग्राहियों को फूड बास्केट, 02 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं 02 हितग्राहियों को वय वंदना कार्ड का वितरण के साथ रक्त दाताओं का प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
रक्त उपलब्धता के साथ स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श
शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों, गर्भवती माताओं, दुर्घटना में घायल व्यक्तियों एवं थैलेसीमिया पीड़ितों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आम जन को स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श प्रदान करना था।
284 का स्वास्थ्य जांच, 40 यूनिट रक्त संग्रहण
शिविर में कुल 284 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें 33 गर्भवती महिलाएं, 28 वृद्धजन शामिल हैं, 193 लोगों की बीपी-शुगर जांच की गई एवं कुल 40 यूनिट रक्त संग्रहण किया गया।
एचआईवी, टीबी, एचपीवी व योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान आने वाले समस्त हितग्राहियों को एचआईवी, टीबी, एचपीवी टीकाकरण एवं समस्त स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी एन पासवान, श्रीमती संतोषी एवं विनेश्वर द्वारा प्रदान की गई।
जन प्रतिनिधियों ने किया रक्तदान
रक्तदान हेतु उपाध्यक्ष नगर पंचायत नवागढ़ शोम ठाकुर ने विशेष रुचि लेते हुए उनके नेतृत्व में पार्षद एवं युवा मोर्चा पदाधिकारियों द्वारा रक्तदान किया गया। महिला समूह के माध्यम से महिलाओं ने भी विशेष रुचि लेकर रक्तदान किया। स्वास्थ्य विभाग नवागढ़ द्वारा समस्त रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया गया।
शिविर में इनकी रहीं उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान पार्षद विनोद साहू, विशेष लहरे, पार्षद प्रतिनिधि मनीष सेन, रमेश निषाद, जेडीएस सदस्य संतोष देवांगन, संपत साहू, बीएमओ डॉ. एमएम रजा, डॉ. एसके बघेल, डॉ. लवनिश, डॉ. धीरेंद्र, डॉ. स्वाति, डॉ. चित्रा, डॉ. वेदांश बाजपेयी, बीपीएम सीके देवांगन, यूआर ध्रुवे, के. टंडन सहित स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ