आफत : मूसलाधार बारिश के चलते हजारों एकड़ में खड़ी फसलों के डूबने से किसान बेहाल

4 दिन बाद भी चारों तरफ पानी से घिरा हुआ है मुड़पारखुर्द 

राशन सामग्री व सब्जी के लिए नहीं निकल पा रहे ग्रामीण 
बेमेतरा 28 सितंबर 2026 - मूसलाधार बारिश के चलते खारून नदी और कोल्हान नाला उफान पर हैं, जिससे तटीय गांवों में बाढ़ की गंभीर स्थिति बनी हुई है। जिलें के बेरला ब्लाक के लखना, सुंगेरा, मुड़पारखुर्द और बलौदी खुर्द जैसे कई तटवर्ती ग्रामीण इलाके पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं।
लिहाजा मालूम हो मुड़पारखुर्द के सभी घर चारों तरफ से पानी से घिरा हुआ है। जिससे स्थानीय निवासी भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। चार दिन से बिजली बंद है। संभावना जताई जा रही है कि अब बिजली की आपूर्ति हो जाएगी। 

बाढ़ से फसलों का भारी नुकसान 
नदी और नाले का पानी खेतों में घुसने से हजारों एकड़ में खड़ी फसलें पूरी तरह डूब चुकी हैं। मुड़पारखुर्द के निचले इलाकों में स्थित कई घरों में बाढ़ का पानी भर गया है, जिससे लोग अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को मजबूर हैं। मुड़पार से बारगांव मार्ग पर भारी पानी बहने की वजह से इस क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह से कट गया है और यातायात पूरी तरह बंद है। 

राहत और बचाव कार्य 
प्रशासन, एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय टीमों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार चलाए जा रहे हैं।यदि आप इन प्रभावित गांवों या इनके आसपास के क्षेत्रों में रह रहे हैं, तो सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पानी के तेज बहाव, नालों और पुल-पुलियों से दूर रहें व स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। 
मुड़पारखुर्द के हॉकी खिलाड़ी लोकेश्वरी और दिव्या को बाढ़ के पानी पार करके जाना पड़ा अपने गांव 
राजनांदगांव में आयोजित 26 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता में बालिका 17 वर्ष वर्ग में टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक (सिल्वर मेडल) पर कब्जा किया है। बालिका वर्ग से लोकेश्वरी निषाद और दिव्या निषाद ने मैदान पर अपनी टीम के लिए शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पदक जीत गौरव हासिल किया। तत्पश्चात अपने गांव आने पर पता चला कि गांव बाढ़ के पानी से डूब गया है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ