स्कूल के विद्यार्थीयों का राज्य स्तर में चयन होना बारगांव सहित बेमेतरा जिले के लिए हैं बड़ी उपलब्धि - बारगांव प्राचार्य श्याम सिंह

बारगांव स्कूल के 4 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में चयन 
बेमेतरा 22 सितंबर 2026 - जिले के विकासखण्ड बेरला अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव के विद्यार्थियों ने खेल के मैदान में विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय के 2 बालक एवं 2 बालिकाओं का चयन 26 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो बेमेतरा जिले के हॉकी खेल में एक बड़ी उपलब्धि है। 

प्रतियोगिता राजनादगांव में 
यह प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता राजनादगांव में आगामी 24 सितंबर 2026 से 27 सितंबर 2026 तक आयोजित होने जा रही है। 

चयनित खिलाड़ी 
बारगांव स्कूल से चयनित होनहार खिलाड़ीयों में 17 वर्ष बालक वर्ग कुलदीप कुमार (कक्षा 11 वीं) एवं हिमांशु कुमार (कक्षा 9 वीं) और 17 वर्ष बालिका वर्ग लोकेश्वरी निषाद (कक्षा 11 वीं) एवं दिव्या निषाद (कक्षा 9 वीं) है। 

संभाग स्तरीय में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर राज्य में चयन 
सभी खिलाड़ियों ने संभाग स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में अपनी खेल तकनीक और कौशल के प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सभी खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए दुर्ग संभाग की टीम में चयनित किया गया है, जहां वे अपने खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 

सफलता में कोच का योगदान 
इन होनहार खिलाड़ियों की सफलता के पीछे विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका और खेल कोच तुलसी साहू का विशेष योगदान है। वर्तमान में सभी खिलाड़ी इनके कुशल मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत और नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, ताकि राज्य स्तरीय से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जीत का परचम लहरा सकें। 

विद्यार्थियों की सफलता को बताया पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण 
इस बड़ी उपलब्धि पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव के प्राचार्य श्याम सिंह ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के व्यायाम शिक्षिका कोच तुलसी साहू के कुशल मार्गदर्शन में हमारे स्कूल के इन होनहार बच्चों ने संभाग स्तर पर अपने असाधारण खेल कौशल से यह मुकाम हासिल किया है। ग्रामीण अंचल के बच्चों का राज्य स्तर पर चयन होना न केवल हमारे विद्यालय बल्कि पूरे बेमेतरा जिले के लिए गौरव का क्षण है। मुझे पूरा विश्वास है कि ये खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर जीत हासिल करेंगे और स्कूल व जिले का मान बढ़ाएंगे। 

कड़े अभ्यास और अनुशासन से मिली सफलता 
इस उपलब्धि पर जानकारी देते हुए विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका एवं खेल कोच तुलसी साहू ने बताया कि सभी बच्चों ने संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था जिसके आधार पर इनका चयन राज्य स्तर के लिए हुआ है मैदान पर बच्चों का कड़ा अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ही उनकी इस सफलता की कुंजी है। वर्तमान में सभी खिलाड़ी विद्यालय परिसर में नियमित रूप से सुबह-शाम कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और अपनी कमियों को सुधार रहे हैं, मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी राजनांदगांव में भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर बेमेतरा जिले के लिए मेडल जीतकर लौटेंगे। 

विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं 
विद्यालय के सभी स्टाफ ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजयी होने के लिए अपनी अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ