राज्य रैंकिंग में बेमेतरा को दिलाएं बेहतर स्थान - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

बेमेतरा कलेक्टर ने समय-सीमा की समीक्षा बैठक लेकर की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा, दिए दिशा निर्देश 
बेमेतरा 22 सितंबर 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज कलेक्ट्रेट के दिशा सभाकक्ष में जिला अधिकारियों की साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। 

राज्य रैंकिंग में बेमेतरा को दिलाएं बेहतर स्थान 
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने सभी विभाग प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं के पैरामीटर में राज्य स्तर की रैंकिंग में बेमेतरा जिले को अच्छी जगह बनानी है। इसके लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करें और प्रत्येक योजना, सेवा और कार्यक्रम में प्रगति लाएं। जनहित से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। 

बैठक के प्रमुख बिंदु
धान खरीदी की पूर्व तैयारी 
कलेक्टर ने कहा कि आगामी खरीफ विपणन वर्ष में धान खरीदी के लिए शासन द्वारा स्वीकृत नवीन उपार्जन केंद्रों में अभी से तैयारी शुरू कर दी जाए। सभी नवीन केंद्रों में चबूतरा निर्माण, शेड निर्माण, बिजली, पानी, कांटा-बांट, बारदाना, कंप्यूटर, इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाओं की प्रारंभिक तैयारी तत्काल प्रारंभ करें, ताकि खरीदी के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। 
गौशाला और गौठानों की व्यवस्था 
कलेक्टर ने गौशालाओं और गौठानों की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए बेहद गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला और गौठानों में रखे गए पशुओं के लिए समुचित रखरखाव की व्यवस्था हो। बीमार पशुओं के उपचार के लिए पशु चिकित्सकों की नियमित व्यवस्था हो, चारे-पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रहे। अव्यवस्था के कारण कोई भी गंभीर घटना न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सभी नगरीय निकाय (नगर पालिका, नगर पंचायतें) इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता में लें और प्रतिदिन मॉनिटरिंग करें। 
जवाबदेही और प्रगति 
कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन, कलेक्टर जनचौपाल में प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय पर हो। लंबित प्रकरणों पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब तलब भी की। 

  बैठक में सभी एसडीएम, सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ