बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल प्रतिभा जरूरी - मंत्री दयाल दास बघेल

विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई 

26 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य समापन, दुर्ग संभाग बना ओवरऑल चैंपियन 
बेमेतरा 03 सितंबर 2026 - 26 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता भारोत्तोलन का भव्य एवं गरिमामय समापन आज 03 सितंबर 2026 को पंडित जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेमेतरा में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। स्कूल शिक्षा विभाग जिला बेमेतरा के तत्वावधान में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, बस्तर एवं सरगुजा संभाग से आए खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल रहे। 

राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राजकीय गीत से हुआ शुभारंभ 
समापन समारोह का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राजकीय गीत के साथ हुआ। इसके पश्चात पांचों संभागों से आए खिलाड़ियों द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। मार्च पास्ट में खिलाड़ियों ने अनुशासन, एकता, उत्साह एवं खेल भावना का शानदार परिचय दिया। 

नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां 
इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने पूरे समारोह में उत्साह एवं उमंग का वातावरण बना दिया। अतिथियों एवं उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। 
अंतिम दिन U-19 बालक वर्ग के मुकाबलों में दिखा रोमांच 
प्रतियोगिता के तीसरे एवं अंतिम दिन U-19 बालक वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में रोमांचक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने पूरे जोश, आत्मविश्वास एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

88 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान दुर्ग संभाग के ऋषि राज तथा द्वितीय स्थान बिलासपुर संभाग के खुशहाल ने प्राप्त किया।

98 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान दुर्ग संभाग के रेहान खान, द्वितीय स्थान बिलासपुर संभाग के सुब्रतो घोष तथा तृतीय स्थान रायपुर संभाग के हर्ष तिवारी ने प्राप्त किया। 

110 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान दुर्ग संभाग के बी. वेंकटेश राव तथा द्वितीय स्थान रायपुर संभाग के आर्यन कुर्रे ने प्राप्त किया। 

110 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान रायपुर संभाग के मयंक वर्मा ने प्राप्त किया। 
   सभी विजेता खिलाड़ियों को समारोह में उपस्थित अतिथियों द्वारा पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। 
अंतरिम परिणाम पत्रक में दुर्ग संभाग का दबदबा 
प्रतियोगिता के अंतरिम परिणामों के अनुसार भारोत्तोलन बालक 17 वर्ष वर्ग में प्रथम स्थान रायपुर संभाग तथा द्वितीय स्थान दुर्ग संभाग ने प्राप्त किया। 

भारोत्तोलन बालिका 17 वर्ष वर्ग में प्रथम स्थान दुर्ग संभाग तथा द्वितीय स्थान बस्तर संभाग ने प्राप्त किया।

भारोत्तोलन बालक 19 वर्ष वर्ग में प्रथम स्थान दुर्ग संभाग तथा द्वितीय स्थान रायपुर संभाग ने प्राप्त किया। इसी प्रकार भारोत्तोलन बालक 19 वर्ष के एक अन्य वर्ग में भी दुर्ग संभाग ने प्रथम तथा रायपुर संभाग ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 

ओवरऑल चैंपियनशिप दुर्ग संभाग के नाम 
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुर्ग संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में दुर्ग संभाग के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लगातार अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। 

मंत्री ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं 
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश के सभी बच्चों को खेलों में रुचि लेकर दृढ़ता के साथ खेलना चाहिए। शिक्षा के साथ-साथ खेल भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा प्रतियोगिता में पराजित हुए खिलाड़ियों को निराश न होकर पुनः मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। 
युवाओं को आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित 
बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं में जोश और उत्साह होता है। सभी युवाओं को अधिक से अधिक खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना चाहिए तथा अपनी प्रतिभा के माध्यम से माता-पिता का नाम रोशन करना चाहिए। 

खेलों के महत्व पर दिया जोर 
साजा विधायक ईश्वर साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चों एवं युवाओं में खेल के माध्यम से प्रतिभा का विकास होता है। खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से युवा स्वयं में एक अच्छा इंसान भी बन सकता है। 

कलेक्टर ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को दी बधाई 
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने स्वागत भाषण में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, परिश्रम एवं खेल भावना का विकास होता है। 

आयोजन समिति एवं सहयोगियों का जताया आभार 
समापन अवसर पर प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन का समापन उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ हुआ। 

आभार और संचालन 
आभार प्रदर्शन संगठन सचिव जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किया गया। मंच संचालन सुनील झा एवं सुषमा शर्मा द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी दिनेश शर्मा एवं जिले के सभी व्यायाम शिक्षकों ने अपना अमूल्य सहयोग प्रदान किया। 

प्रतियोगिता में रहीं उपस्थिति 
इस अवसर पर प्रतियोगिता में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक श्री साहू, रजककार विकास बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, जिला पंचायत सीईओ सुश्री प्रेमलता मांडवी, जनपद अध्यक्ष हेमाजय दिवाकर, पूर्व विधायक बेमेतरा अवधेश चंदेल, जिला अध्यक्ष अजय साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पांचों संभागों से आए खिलाड़ी, प्रशिक्षक, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ