प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश, कई मामलों का मौके पर ही हुआ समाधान
बेमेतरा 28 सितंबर 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार आज कलेक्ट्रेट स्थित दृष्टि सभा कक्ष में साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपर कलेक्टर श्री प्रकाश भारद्वाज ने जिले के कोने-कोने से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।
जनदर्शन में कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें निराश्रित पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बैटरी चलित ट्रायसायकल की मांग, राजस्व से संबंधित कटा हुआ रकबा जोड़ने, खाद गड्ढा हटाने, आम रास्ता खुलवाने सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मामले शामिल थे।
एडीएम श्री भारद्वाज ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर तथा कक्ष में बुलाकर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए, जिससे कई आवेदकों को मौके पर ही राहत मिल गई। वहीं गंभीर एवं जांच योग्य प्रकरणों को टीएल पंजी में दर्ज कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य शासन-प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। सभी आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर प्रीतम चौहान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ