योजनाओं की दी गई विस्तृत एवं महत्वपूर्ण जानकारी, ई-डार एवं आई-रेड पोर्टल में समयबद्ध प्रविष्टियां सुनिश्चित करने दिए निर्देश
पीएम राहत योजना, आई-रेड एवं ई-डार प्लेटफॉर्म से सड़क दुर्घटना पीड़ितों को 1.50 लाख तक कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक निर्देश
बेमेतरा 19 अगस्त 2026 - पुलिस अधीक्षक बेमेतरा त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव के मार्गदर्शन में जिले के थाना/चौकी प्रभारियों एवं सीसीटीएनएस आरक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बेमेतरा में किया गया।
पीड़ितों को कैशलेस उपचार सुविधा का प्रभावी क्रियान्वयन
यह कार्यशाला पीएम राहत योजना, आई-रेड (iRAD) एवं ई-डार (e-DAR) प्लेटफॉर्म के माध्यम से सड़क दुर्घटना पीड़ितों को अधिकतम 1,50,000 तक कैशलेस उपचार सुविधा के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
कार्यवाही एवं जागरूकता अभियान
एसपी त्रिलोक बंसल (IPS) ने ई-डार एवं आई-रेड पोर्टल में समयबद्ध प्रविष्टियां सुनिश्चित करने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, तत्परता एवं पारदर्शिता के साथ करने तथा पुलिसिंग की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।
पीएम राहत के साथ iRAD एवं e-DAR की विस्तृत जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर द्वारा “पीएम राहत - सड़क दुर्घटना पीड़ित अस्पताल में भर्ती एवं सुनिश्चित उपचार योजना” सहित iRAD एवं e-DAR प्लेटफॉर्म के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बताया गया कि यह योजना दुर्घटना की तिथि से अधिकतम 7 दिनों की अवधि तक प्रति पीड़ित 1.5 लाख तक की नकदरहित (कैशलेस) उपचार सुविधा उपलब्ध कराती है, जिसका मुख्य उद्देश्य गोल्डन ऑवर में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सुनिश्चित करना है।
योजना में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण
कार्यशाला में यह भी बताया गया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके अंतर्गत e-DAR प्लेटफॉर्म पर सड़क दुर्घटना मामलों का समय पर प्रमाणीकरण, तथा पीड़ितों को निर्धारित अस्पतालों तक गोल्डन ऑवर के भीतर पहुंचाने हेतु समन्वय स्थापित करना शामिल है। पुलिस की त्वरित एवं समयबद्ध प्रतिक्रिया से यह सुनिश्चित होता है कि पात्र पीड़ितों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण उपचार सुविधा प्राप्त हो सके।
पीड़ितों को 7 दिनों के भीतर उपचार
इसके अतिरिक्त, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि मोटरयान से संबंधित सड़क दुर्घटनाओं में घायल पीड़ितों को योजना के तहत अधिकतम 7 दिनों के भीतर किसी भी नामित अस्पताल में 1,50,000 तक की कैशलेस उपचार सुविधा का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण में उपस्थिति
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, रीडर-1 निरीक्षक कृष्ण कांत सिंह, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, डॉ. लोकेश सीएमसी बेमेतरा, डॉ. एमएम रजा बीएमओ नवागढ, स्वदेश जायसवाल सीएचसी खम्हरिया, डॉ. एके वर्मा सीएचसी साजा, डीपीएम मयंक जैन सीएमएचओ बेमेतरा, डॉ. स्वाती यदु बेमेतरा, किशन साहू, संतोष साहू, मास्टर ट्रेनर ईश्वर वर्मा (DRM), रीडर-2 प्रधान आरक्षक वर्षा चौबे, प्रधान आरक्षक खोमलाल साहू, आरक्षक मनीष देवांगन, देवेन्द्र साहू, मोहित देवांगन, आसिफ खान, प्रदीप कौशल, तुकाराम निषाद, शिवकुमार यादव, स्वप्निल पांडेय, लोकेश्वर साहू, रोशन वर्मा, साधराय कौशल, ओंकार निर्मलकर, आकाश सिंह, महेश दिवाकर सहित सीसीटीएनएस आरक्षक एवं अन्य पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ