नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक राजस्व एवं अन्य प्रकरणों के निराकरण के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर
बेमेतरा 21 अगस्त 2026 - राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार आगामी नेशनल लोक अदालत 12 सितम्बर 2026 के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण को लेकर न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा श्रीमती सरोज नंद दास ने की।
बैठक में इनकी रहीं उपस्थिति
बैठक में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहित सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती स्वर्णलता ओम यादव एवं एडीएम प्रकाश कुमार भारद्वाज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निराकरण के लिए कार्ययोजना पर चर्चा
बैठक में नेशनल लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक राजस्व एवं अन्य समझौता योग्य प्रकरणों के निराकरण के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं प्रभावी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
नोटिस की समय पर तामिली
प्रधान जिला न्यायाधीश ने पुलिस विभाग को न्यायालय द्वारा पक्षकारों को प्री-सिटिंग के लिए जारी किए जा रहे नोटिस की समय पर तामिली सुनिश्चित करने तथा प्रकरणों के निराकरण में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
प्रकरणों का आपसी सुलह एवं समझौते से निराकरण
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नेशनल लोक अदालत में निराकरण योग्य विभिन्न प्रकरणों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इसमें न्यायालयों में लंबित समझौता योग्य आपराधिक प्रकरण, चेक बाउंस के मामले, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, सिविल वाद, बिजली एवं पानी बिल से संबंधित विवाद तथा आपदा प्रबंधन क्षतिपूर्ति संबंधी प्रकरणों का आपसी सुलह एवं समझौते के माध्यम से निराकरण किया जा सकता है।
राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर
बैठक में राजस्व विभाग से संबंधित अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को नेशनल लोक अदालत में प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का समय-सीमा में प्रस्तुतिकरण एवं पंजीयन करने तथा पक्षकारों को नोटिस की तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पक्षकारों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संवाद कर आपसी सहमति एवं राजीनामे के माध्यम से विवादों का समाधान करने के लिए आवश्यक पहल करने पर चर्चा की गई।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना
नेशनल लोक अदालत का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी चर्चा की गई। इसके तहत चौक-चौराहों एवं प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स एवं फ्लैक्स लगाने तथा लोगों को नेशनल लोक अदालत की प्रक्रिया एवं इसके लाभों की जानकारी देने के लिए पैम्फलेट्स का वितरण करने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रचार-प्रसार कर लाभ दिलाने के निर्देश
बैठक में अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा नेशनल लोक अदालत के आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पक्षकारों को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
0 टिप्पणियाँ