छात्रावास के बच्चों को अध्यक्ष विजय सिन्हा ने वितरण किया निःशुल्क पेन एवं कॉपियों
बेमेतरा 26 अगस्त 2026 - शहर के प्री-मैट्रिक अनुसूचित जनजाति छात्रावास में अध्ययनरत बच्चों के बीच नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने निःशुल्क पेन एवं कॉपियों का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, शिक्षा के प्रति रुचि एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव
नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। आर्थिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बनें, इसके लिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने से उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ता है और वे बेहतर तरीके से अपनी शिक्षा जारी रख पाते हैं।
पढ़ाई के प्रति किया प्रेरित
उन्होंने छात्रावास के बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य को निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसलिए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों का भी महत्व समझना चाहिए।
बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी
पेन-कॉपी प्राप्त कर छात्रावास के बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। बच्चों ने नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा का आभार व्यक्त करते हुए नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प लिया।
उपस्थिती - इस अवसर पर सभापति पंचू साहू सहित छात्रावास के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ