सामाजिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए की स्वीकृति
बेमेतरा 21 अगस्त 2026 - उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की कृति और स्मृतियों को संजोए रखने के उद्देश्य से बेमेतरा शहर के बाजार पारा सब्जी मंडी के पास स्थित गुरु रविदास महाराज चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपए की राशि से विकास कार्य कराने की घोषणा की है। इसमें उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा द्वारा 15 लाख रुपए तथा बेमेतरा विधायक द्वारा 10 लाख रुपए की राशि की घोषणा की गई है।
भवन के लिए 20 लाख स्वीकृत
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्राम चोरभट्टी के पास गुरु रविदास महाराज सामाजिक भवन के निर्माण के लिए भी 20 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की है। इससे क्षेत्र में सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
कलश वितरण कार्यक्रम में घोषणाएं
उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा गत दिवस बेमेतरा के टाउन हॉल में आयोजित संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित पवित्र माटी एवं गंगाजल कलश वितरण कार्यक्रम में उक्त घोषणाएं की गईं। इन विकास कार्यों से गुरु रविदास महाराज के विचारों, कृतित्व और सामाजिक समरसता के संदेश को संजोने के साथ ही क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
0 टिप्पणियाँ