उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व की बात - ग्राम पंचायत बारगांव सरपंच प्रतिनिधि सच्चिदानंद मिश्रा

स्वतंत्रता दिवस पर बारगांव विद्यालय में हॉकी खिलाड़ीयों का मेडल और प्रशस्ति पत्र से सम्मान 
बेमेतरा 17 अगस्त 2026 - 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव में राष्ट्रीय पर्व देशभक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस गौरवशाली राष्ट्रीय उत्सव के दौरान मुख्यअतिथि सच्चिदानंद मिश्रा सरपंच प्रतिनिधि ग्राम पंचायत बारगांव द्वारा हॉकी खेल के क्षेत्र में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ियो का मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। 

उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व की बात 
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सच्चिदानंद मिश्रा ने कहा कि खेल हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, बारगांव के प्रतिभावान बच्चों ने हॉकी के मैदान में जो उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वह पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका (कोच) तुलसी साहू के कुशल मार्गदर्शन व कठिन प्रशिक्षण की बदौलत खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओ में मेडल जीतकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की। ग्रामीण अंचल के बच्चों का राष्ट्रीय स्तर पर चमकना यह साबित करता है कि सही दिशा और कड़ी मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। ग्राम पंचायत बारगांव खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए हमेशा तत्पर है।

राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर में चयन से बढ़ाया क्षेत्र का गौरव 
विद्यालय के प्राचार्य श्याम सिंह ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है बल्कि यह हमारे भीतर अनुशासन टीम भावना और कठिन परिस्थितियों से लड़ने का साहस पैदा करता है हमारे विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका (कोच) तुलसी साहू के कुशल मार्गदर्शन में बच्चों का राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर में चयन व मेडल जीतकर अपनी उत्कृष्ट अद्वितीय प्रतिभा का प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है, विद्यालय परिवर इन प्रतिभावान खिलाड़ियों के उज्जल भविष्य की कामना करता है और आगे बढ़ने के लिए हर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराता रहेगा। 
खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन उनकी नियमित प्रैक्टिस कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम 
विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका एवं कोच तुलसी साहू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने मैदान पर जो उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है वह उनकी नियमित प्रैक्टिस कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है,खेल के प्रति इन बच्चों का जुनून और समर्पण वाकई काबिले तारीफ है एक कोच के रूप में मुझे अपने खिलाड़ियों पर बहुत गर्व है खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे है। 

समारोह में उपस्थिति 
इस गरिमामय समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में नरेन्द्र वर्मा महामंत्री, भाजपा जिला बेमेतरा, टिकेश वर्मा उपसरपंच, देवेन्द्र वर्मा मंडल अध्यक्ष सरदा और सतीश यादव अध्यक्ष शाला विकास समिति विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शाला परिवार को बधाई दी कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ