सड़क सुरक्षा पर हाईवे किनारे अव्यवस्थित पार्किंग हटाकर दी गई समझाइश
एसपी के निर्देश पर परिवहन एवं यातायात पुलिस का संयुक्त अभियान
बेमेतरा 04 अगस्त 2026 - पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव एवं डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा के मार्गदर्शन में जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस बेमेतरा द्वारा विशेष संयुक्त अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत 03 अगस्त 2026 को नेशनल हाईवे किनारे स्थित विभिन्न ढाबों एवं होटलों के आसपास सड़क पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर खड़ा कराया गया। संयुक्त टीम ने ढाबा एवं होटल संचालकों के साथ-साथ वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि सड़क किनारे वाहन खड़े करने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। वाहन केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही पार्क करें, ताकि यातायात सुचारु एवं सुरक्षित बना रहे।
इस दौरान जिला परिवहन अधिकारी केएल महौर, यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, देवकुमार आर्य, प्रधान आरक्षक दौलत वर्मा, लोकेन्द्र पांडेय सहित परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम उपस्थित रही।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही नागरिकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने एवं सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
साथ ही अधिकारियों ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल सहायता कर उसे अस्पताल पहुंचाने अथवा एम्बुलेंस को सूचना देने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना पीड़ित की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन को पुलिस अथवा अस्पताल द्वारा किसी भी प्रकार से परेशान नहीं किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ