अपने पंजीयन की स्थिति की ले जानकारी, अपूर्ण होने पर पंजीयन कार्य करें पूर्ण - जिला प्रशासन

31 अगस्त तक एग्रीस्टैक पंजीयन अनिवार्य रूप से कराएं किसान

धान खरीदी सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने पंजीयन जरूरी, जिले में अब तक 1.87 लाख पंजीयन पूर्ण 
बेमेतरा 10 अगस्त 2026 - जिला प्रशासन बेमेतरा ने जिले के समस्त कृषकों, हिस्सेदारों एवं भूमि स्वामियों से अपील की है कि वे 31 अगस्त 2026 तक अपना एग्रीस्टैक पंजीयन अनिवार्य रूप से पूर्ण करा लें। एग्रीस्टैक पंजीयन किसानों की भूमि एवं कृषि संबंधी जानकारी को डिजिटल रूप से व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में धान खरीदी, खाद एवं बीज की उपलब्धता, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में यह पंजीयन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 

पंजीयन की जानकारी लेकर पंजीयन कार्य करें पूर्ण - जिला प्रशासन 
जिला प्रशासन ने किसानों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए अपने एग्रीस्टैक पंजीयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करें और यदि किसी प्रकार की कमी अथवा लंबित प्रक्रिया है, तो उसका समय रहते निराकरण कराएं। निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन पूर्ण नहीं होने पर संबंधित कृषक अथवा भूमि स्वामी को भविष्य में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं कृषि संबंधी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है। 

जिले में 1.87 लाख पंजीयन पूर्ण  
बेमेतरा जिले में एग्रीस्टैक पंजीयन को लेकर लगातार कार्य किया जा रहा है। जिले में अब तक लगभग 1.87 लाख पंजीयन पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं लगभग 1.40 लाख बकेट क्लेम किए जा चुके हैं, जबकि लगभग 1.07 लाख बकेट एग्रीस्टैक पोर्टल पर लंबित प्रदर्शित हो रहे हैं। लंबित क्लेम वाले कृषकों एवं भूमि स्वामियों से अपील की गई है कि वे संबंधित कार्यालय अथवा मैदानी अमले से संपर्क कर अपने क्लेम की स्थिति की जानकारी प्राप्त करें तथा आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रिया पूर्ण कर लंबित प्रकरणों का निराकरण कराएं। 

सहायता के लिए पटवारी से लेकर CSC तक हैं उपलब्ध 
एग्रीस्टैक पंजीयन एवं लंबित क्लेम के निराकरण के लिए जिले में विभिन्न स्तरों पर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कृषक अपने क्षेत्र के पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, सहकारी समिति अथवा कृषक मित्र से संपर्क कर पंजीयन एवं क्लेम संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही जिले की सहकारी समितियों एवं कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से भी पंजीयन और आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराने में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

जिला प्रशासन की अपील  
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए वे आज ही अपने एग्रीस्टैक पंजीयन एवं भूमि संबंधी क्लेम की स्थिति की जांच करें। यदि पंजीयन लंबित है या भूमि संबंधी किसी जानकारी में सुधार/दावा प्रस्तुत करना आवश्यक है, तो संबंधित अधिकारी अथवा सेवा केंद्र से संपर्क कर प्रक्रिया समय पर पूर्ण कराएं।

किसान भाई-बहन ध्यान दें - समय कम है 
31 अगस्त 2026 एग्रीस्टैक पंजीयन की अंतिम तिथि है। सभी कृषक, हिस्सेदार एवं भूमि स्वामी अपने पंजीयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक प्रक्रिया समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें। समय पर पंजीयन कराने से कृषि संबंधी शासकीय सेवाओं एवं किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया सुगम होगी। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ