मावली माता मंदिर मारो में आभूषण चोरी के बाद नगरवासियों की आपात बैठक, 5 बड़े निर्णय लिए गए
बेमेतरा 26 अगस्त 2026 - जिलें के मावली माता मंदिर परिसर मारो में मंगलवार को नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं की अति आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में माता के आभूषणों की चोरी की घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला।
बैठक में मुख्य रूप से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने और आरो पुलिस चौकी में पुलिस बल की कमी के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने सर्वसम्मति से 5 महत्वपूर्ण निर्णय लिए -
1. नवरात्रि पर ही होगा सोने-चांदी के आभूषणों से श्रृंगार : निर्णय लिया गया कि अब सोने-चांदी के बने कीमती आभूषणों से माता का श्रृंगार केवल नवरात्रि पर्व के दौरान ही किया जाएगा। सामान्य दिनों में आभूषण सुरक्षित स्थान पर रखे जाएंगे।
2. मंदिर में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे : सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर में जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस पर सभी ने अपनी सहमति दी।
3. मुख्य द्वार पर लगेगा चैनल गेट : सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर के मुख्य द्वार एवं निकासी द्वार पर चैनल गेट लगाने का निर्णय लिया गया।
4. पुलिस अधीक्षक से मिलेंगे, कार्रवाई न होने पर चक्का जाम : चोरी की घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक से मिलकर चर्चा करने का निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस मामले में उचित कार्यवाही नहीं होती है, तो रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे के नारायणपुर चौक पर चक्का जाम किया जाएगा।
5. चोर का सुराग देने वाले को 21000 रुपये का इनाम : चोर की जानकारी या कोई ठोस सुराग देने वाले व्यक्ति को मंदिर समिति द्वारा 21000 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई हैं।
0 टिप्पणियाँ