निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति तथा कार्यों की करें नियमित समीक्षा - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला शहरी विकास अभिकरण की बैठक सम्पन्न, योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के दिए निर्देश 
बेमेतरा 14 जुलाई 2026 - कलेक्टर एवं जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) की अध्यक्ष सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला शहरी विकास अभिकरण की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न शहरी विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। 
   बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम), शहरी अधोसंरचना विकास, जलापूर्ति, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। 
कलेक्टर सुश्री ममगाई ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार शासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने हितग्राहीमूलक योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के भी निर्देश दिए। 
     बैठक में अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। कलेक्टर ने निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने तथा कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ