उद्देश्य - विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, तकनीक, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण तथा मानसिक मजबूत बनने प्रेरित करना
बेमेतरा 03 जुलाई 2026 - जिले के सीबीएसई स्कूल डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं करियर निर्माण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष करियर मार्गदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन तकनीक, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण तथा मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं प्रमुख वक्ता मेमोरी गुरु, शिक्षाविद्, समाधान कॉलेज के डायरेक्टर एवं शिक्षा अकादमी के संस्थापक अवधेश पटेल ने विद्यार्थियों को सफलता के मूल मंत्र से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों को नीट और जेईई की तैयारी के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सही मार्गदर्शन, अनुशासित अध्ययन और प्रभावी रणनीति अपनाकर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
अवधेश पटेल ने विद्यार्थियों को स्मरण शक्ति विकास, अध्ययन कौशल, समय प्रबंधन, एकाग्रता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उनके प्रेरणादायक उद्बोधन ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।
इस अवसर पर जेईई परीक्षा में 99.9 पर्सेंटाइल प्राप्त कर आईआईटी गुवाहाटी में 2011 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में प्रवेश पाने वाले छात्र रूपेश वर्मा जो कि आईसीआईसीआई बैंक मुंबई में चीफ मैनेजर के पद पर कार्य किये है, 11 साल कॉर्पोरेट जगत और इसी दौरान पार्ट टाइम नीट और जेईई के विद्यार्थियों को पढ़ाने का अनुभव भी आईआईटीयन रुपेश वर्मा को है, आपके मार्गदर्शन से बहुत से विद्यार्थियों का नीट और जेईई में चयन हुआ है। आपने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने अपनी सफलता की यात्रा, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों ने उनके अनुभवों को अत्यंत प्रेरणादायक एवं उपयोगी बताया।
विद्यालय के प्राचार्य पीएल जायसवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में विद्यार्थियों को सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, आत्मविश्वास और मेहनत ही सफलता की कुंजी है तथा ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने की प्रेरणा देते हैं।
प्राचार्य श्री जायसवाल ने विद्यार्थियों को अपने समय का सदुपयोग करने, सकारात्मक सोच बनाए रखने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आगे भी समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि विद्यार्थियों को अपने भविष्य के निर्माण के लिए सही दिशा और आवश्यक जानकारी प्राप्त होती रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की तथा मुख्य वक्ता अवधेश पटेल और रुपेश वर्मा के मार्गदर्शन को अपने करियर निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
0 टिप्पणियाँ