जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, मीडिया के सहयोग से मजबूत होगी पुलिसिंग - एसपी त्रिलोक बंसल

बेमेतरा जिले के नए एसपी त्रिलोक बंसल ने कार्यभार संभालते ही जिले के मीडियाकर्मी व प्रतिनिधियों से की चर्चा  
बेमेतरा 14 जुलाई 2026 - बेमेतरा जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में जिले के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया प्रतिनिधियों से सौजन्य मुलाकात कर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सभी पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया और जिले में बेहतर पुलिसिंग के लिए मीडिया से सहयोग की अपेक्षा जताई। 
   एसपी त्रिलोक बंसल ने कहा कि जनता की सुरक्षा और विश्वास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया के आपसी समन्वय तथा सहयोग से जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बेमेतरा एक शांतिपूर्ण जिला है और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग से शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। 
    चर्चा के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने शहर एवं जिले से जुड़े विभिन्न मुद्दों और जनहित के विषयों से एसपी को अवगत कराया। इस पर एसपी त्रिलोक बंसल ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उसके सकारात्मक सुझाव पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 
   उन्होंने कहा कि पुलिस के सामने हमेशा नई चुनौतियां रहती हैं, लेकिन प्राथमिकता के आधार पर सभी मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने जनहित के मुद्दों पर भविष्य में भी मीडिया से सहयोगात्मक भूमिका निभाने का आग्रह किया। 
    इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश कुमार झा सहित जिले के विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों के जिला ब्यूरो प्रमुख और पत्रकार उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ