जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई संपन्न
कानून व्यवस्था और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सर्वोपरि, सख्त निगरानी और समन्वय से कार्रवाई के दिए निर्देश
बेमेतरा 21 जुलाई 2026 - नशीली दवाओं की तस्करी और इसके बढ़ते दुष्प्रभावों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आज कलेक्टोरेट स्थित दिशा सभागार में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी की रोकथाम, इससे जुड़े अपराधों पर कठोर कार्रवाई करना और समाज में इसके दुष्प्रभाव के प्रति संवेदनशीलता के साथ जनजागरुकता अभियान चलाना और विभिन्न विभागों के बीच ठोस समन्वय स्थापित करना रहा।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि नशीली और मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव के संबंध में स्कूल और कॉलेजो में सघन जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। नागरिकों के बीच इसके दुष्प्रभाव प्रसारित कर इससे दूर रहने प्रेरित करें। कलेक्टर ने कहा कि नशीली दवाओं की अवैध गतिविधियां सिर्फ कानून व्यवस्था के लिए नहीं, बल्कि समाज के ताने-बाने और विशेषकर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक गंभीर खतरा हैं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सतर्क रहते हुए आपसी समन्वय के साथ ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से पुलिस सहित खुफिया इकाइयों एवं प्रशासन को निर्देशित किया गया कि वे संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें, नियमित तलाशी अभियान चलाएं और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करें। कलेक्टर ने कहा कि अवैध रूप से मादक पदार्थों के तस्करी करने वाले के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें।
बैठक में जिले के चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने कहा गया। तस्करों के विरुद्ध समय रहते कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आमजन की भागीदारी से नशा विरोधी अभियान को व्यापक रूप दिया जाए। खासकर स्कूल, कॉलेज और ग्राम स्तर पर जन जागरूकता कार्यक्रम चलाकर युवाओं को नशे से दूर रहने हेतु प्रेरित किया जाएगा।
इस मौके पर एनकॉर्ड समिति के सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जन-जागरूकता अभियानों के साथ-साथ पुनर्वास और परामर्श सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में भी विचार-विमर्श किया गया।
0 टिप्पणियाँ