सूचना बोर्ड में जानकारी आधी अधूरी, निर्माण कार्य की समय सीमा ही गायब
निर्माण कार्यों में RES विभाग की उदासीनता, ठेकदारों को मौन संरक्षण
कछुआ चाल : साजा ब्लाक के निर्माण कार्यों में देखी जा रही आधिकारियों की कृपा दृष्टि
बेमेतरा 17 जुलाई 2026 - जिम्मेदारों की उदासीनता और लेटलतीफी की कहानी बयान करता एक नया मामला बेमेतरा जिले के साजा ब्लॉक से सामने आया है। यहाँ के ग्राम ठेलका में ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वीकृत 23.99 लाख रुपए की लागत से बनने वाला 'महतारी सदन' आज भी अधूरा पड़ा है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते यह महत्वपूर्ण परियोजना अधर में लटकी हुई है।
जनवरी से शुरू हुआ काम, पर रफ्तार गायब
दस्तावेजों के मुताबिक, महतारी सदन ठेलका का निर्माण कार्य 08 जनवरी 2026 को प्रारंभ किया गया था। उम्मीद थी कि नए साल की इस शुरुआत से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को जल्द ही एक सुविधायुक्त भवन की सौगात मिलेगी। लेकिन शुरुआती जोश के बाद काम की रफ्तार ऐसी थमी कि महीनों बीत जाने के बाद भी भवन पूर्णता की राह देख रहा है।
सूचना बोर्ड से 'समय सीमा' ही गायब, पारदर्शिता हवाहवाई
इस निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही को छुपाने का एक अनोखा तरीका कार्यस्थल पर देखने को मिला। निर्माण स्थल पर लगाए गए सूचना बोर्ड पर आधी-अधूरी जानकारी लिखकर इतिश्री कर ली गई है।
बड़ा घालमेल : बोर्ड पर यह तो लिखा है कि काम कब शुरू हुआ, लेकिन कार्य पूर्ण करने की समय सीमा (Deadline) का कॉलम ही खाली छोड़ दिया गया है।
नियमतः - हर शासकीय बोर्ड पर काम खत्म होने की तारीख लिखना अनिवार्य है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। लेकिन यहाँ समय सीमा गायब कर दी गई है, जिससे साफ जाहिर होता है कि विभाग ठेकेदार को मनमर्जी से काम करने की खुली छूट दे चुका है।
सुस्त सिस्टम से ग्रामीणों में आक्रोश
ठेलका के ग्रामीणों का आरोप है कि आरईएस (RES) विभाग के साहब लोग कभी दफ्तर से बाहर निकलकर कार्यस्थल का मुआयना करने नहीं आते। अधिकारियों की इसी बेपरवाही का नतीजा जनता भुगत रही है। 24 लाख रुपए की राशि की इस परियोजना को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों की मांग : अब देखना यह होगा कि कुंभकर्णी नींद में सोया आरईएस विभाग इस खबर के बाद जागता है या फिर ठेलका की महिलाओं को अपने हक के 'महतारी सदन' के लिए अभी और लंबा इंतजार करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप और जांच की मांग की है।
समय सीमा की जानकारी फाइल देखकर बता पाऊंगा, कार्य प्रगति पर हैं। स्थल चयन में देरी के कारण कार्य विलंब से प्रारंभ हुआ था।
---- गणेश मंढारे, एसडीओ, आरईएस साजा
0 टिप्पणियाँ