वर्ष 2025-26 के लिए पूरे राज्य से पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
बेमेतरा 21 जून 2026 - संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण एवं विभिन्न खेल पुरस्कारों, सम्मानों, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद राशि पुरस्कार, प्रेरणा निधि तथा डाइट मनी (खेलवृत्ति) हेतु पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रतिवर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को राज्य स्तर पर खेल पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाते हैं।
शहीद राजीव पांडे पुरस्कार सीनियर वर्ग के उन खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में पदक अर्जित किया हो या अधिकृत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया हो।
शहीद कौशल यादव पुरस्कार जूनियर वर्ग के उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पदक प्राप्त किया हो।
पंकज विक्रम सम्मान ऐसे खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने विगत पांच वर्षों में चार बार सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया हो।
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को प्रदान किया जाता है।
शहीद विनोद चौबे सम्मान खेल क्षेत्र से जुड़े 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त किया हो अथवा खेलों के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री ट्रॉफी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सीनियर अथवा जूनियर वर्ग में पदक प्राप्त करने वाली टीमों को प्रदान की जाती है।
वहीं नगद राशि पुरस्कार सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है।
डाइट मनी (खेलवृत्ति) सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग के उन खिलाड़ियों को प्रदान की जाती है, जिन्होंने राज्य स्तरीय अथवा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो। इसके लिए खिलाड़ी की अधिकतम आयु 19 वर्ष निर्धारित की गई है।
विगत वित्तीय वर्ष वालो को पात्रता
इन सभी पुरस्कारों एवं सम्मानों के लिए आवेदन वित्तीय वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) के दौरान अर्जित उपलब्धियों के आधार पर किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 5 अगस्त 2026 तक केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित प्रारूप में ही स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं संबंधित व्यक्तियों से समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
0 टिप्पणियाँ